(प्रेम कुमार शाक्य)
जसवंतनगर/इटावा। क्षेत्र में कोहरे के कारण सड़क हादसे थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। बीती शाम एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया।
धरबार गांव निवासी यादराम पुत्र बीरबल उम्र 45 वर्ष अपने पड़ोसी सुमित कुमार पुत्र जगराम उम्र 25 वर्ष के साथ महेवा क्षेत्र में रिश्तेदारी में आयोजित तेरहवीं कार्यक्रम में शामिल होकर मोटरसाइकिल से वापस घर लौट रहे थे। शाम करीब 6 बजे जैसे ही वे जमुना बाग के पास पहुंचे, पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे एक चार पहिया वाहन ने उनकी मोटरसाइकिल में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को जसवंतनगर सामुदायिक चिकित्सालय भिजवाया, जहां हालत गंभीर होने पर उन्हें सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान यादराम पुत्र बीरबल की मौत हो गई, जबकि सुमित कुमार को कूल्हे और दाहिने पैर के घुटने में गंभीर चोटें आई हैं। परिजन उसे बेहतर इलाज के लिए अपने साथ ले गए हैं।
मृतक यादराम चार भाइयों तीसरे नंबर के थे। उनके निधन से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। वह अपने पीछे पत्नी सीमा उम्र 41 वर्ष, तीन पुत्र शिवराज उम्र 16 वर्ष, अंकित उम्र 10 वर्ष, अर्पित उम्र 7 वर्ष तथा तीन पुत्रियां शिवानी उम्र 22 वर्ष, रिवानी उम्र 18 वर्ष और मोहिनी उम्र 14 वर्ष को छोड़ गए हैं। घटना के बाद से क्षेत्र में शोक का माहौल है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
कोहरे में तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से एक की मौत, एक गंभीर घायल
