इटावा। सुदिति ग्लोबल एकेडमी परिसर में स्थापित ब्रिजगोपाल बॉटनिकल गार्डन का भव्य उद्घाटन श्री मालूक पीठाधीश्वर पूज्य श्री राजेन्द्र दास जी महाराज के कर-कमलों द्वारा संपन्न हुआ। इस अवसर पर उन्होंने बॉटनिकल गार्डन का विधिवत उद्घाटन करने के साथ-साथ रुद्राक्ष का पौधा भी अपने हाथों से रोपित किया और विद्यार्थियों को प्रकृति, पर्यावरण संरक्षण एवं आध्यात्मिक चेतना का संदेश दिया।
बॉटनिकल गार्डन में कपूर, इलायची, दालचीनी, तेजपत्ता, चंदन, सिंदूर, हड़जोड़, चिरौंजी, अश्वगंधा, बादाम, अन्सर सहित 50 से अधिक दुर्लभ एवं औषधीय पौधे लगाए गए हैं। पार्क की स्थापना का उद्देश्य छात्रों को औषधीय पौधों, आयुर्वेदिक ज्ञान एवं प्राकृतिक विज्ञान से प्रत्यक्ष रूप से जोड़ना है, ताकि वे इसका पूर्ण लाभ उठा सकें।
इस अवसर पर Retd. IAS अधिकारी डॉ विश्वपति त्रिवेदी तथा विवेक यादव (रुद्राक्ष मैन) विशेष रूप से उपस्थित रहे। विवेक यादव ने रुद्राक्ष एवं औषधीय पौधों के धार्मिक और वैज्ञानिक महत्व पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम में विद्यालय के निदेशक मयंक यादव, चेयरमैन सतीश कुमार, प्रधानाचार्य कमल कुमार सहित विद्यालय का समस्त शिक्षण एवं गैर-शिक्षण स्टाफ उपस्थित रहा।
अतिथियों ने Suditi Global Academy द्वारा किए गए इस प्रयास की सराहना करते हुए इसे विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया।
विद्यालय प्रबंधन ने विश्वास व्यक्त किया कि यह बॉटनिकल गार्डन भविष्य में छात्रों के लिए लाइव एजुकेशनल रिसोर्स और नेचुरल लर्निंग सेंटर के रूप में कार्य करेगा।
