इटावा। पत्रकारिता के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान और समाज की समस्याओं को प्रमुखता से उठाने के लिए ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन (उत्तर प्रदेश) के इटावा जिलाध्यक्ष अजय बाथम को शिक्षकों और प्रबुद्ध वर्ग द्वारा सम्मानित किया गया। शहर के एस.डी. फील्ड स्थित एक कार्यक्रम में शिक्षाविदों ने अजय बाथम की डेढ़ दशक की पत्रकारिता यात्रा की सराहना की।
शॉल और राधा-कृष्ण की प्रतिमा भेंट कर किया सम्मान
कार्यक्रम के दौरान भारत सिंह कश्यप, कुलदीप कश्यप, कार्तिक शर्मा और अरुणा कश्यप सहित अन्य गणमान्य लोगों ने अजय बाथम को शॉल ओढ़ाकर और राधा-कृष्ण की भव्य प्रतिमा भेंट कर उनका अभिनंदन किया। उपस्थित लोगों ने उनके द्वारा किए जा रहे सामाजिक कार्यों और निर्भीक पत्रकारिता के जज्बे को सलाम किया।
‘जनसमस्याओं को प्रशासन तक पहुँचाने में निभाई अहम भूमिका’
सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए प्रधानाचार्य भारत सिंह कश्यप ने कहा कि अजय बाथम ने अपनी निष्पक्ष लेखनी के माध्यम से हमेशा क्षेत्र की समस्याओं को प्रशासन और जनप्रतिनिधियों तक पहुँचाने का काम किया है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि श्री बाथम भविष्य में भी इसी निस्वार्थ भावना से समाज की सेवा करते रहेंगे।
भ्रष्टाचार के खिलाफ डेढ़ दशक का संघर्ष
एस.डी. इंटर कॉलेज के अध्यापक कुलदीप कश्यप ने कहा कि अजय बाथम पिछले 15 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। इस दौरान उन्होंने न केवल गरीबों की समस्याओं को स्वर दिया, बल्कि भ्रष्टाचार को उजागर करने में भी कभी पीछे नहीं हटे। सामाजिक सरोकारों को जन-जन तक पहुँचाने में उनका योगदान अतुलनीय है।
इस अवसर पर उपस्थित अन्य वक्ताओं ने भी अजय बाथम के उज्ज्वल भविष्य की कामना की और पत्रकारिता के गिरते मूल्यों के बीच उनकी निष्पक्षता को एक मिसाल बताया।
