इटावा। नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत अभियान के तहत 100 रविवार तक आयोजित होने वाली गतिविधियों की श्रृंखला के दूसरे रविवार को माय भारत, इटावा एवं युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार की ओर से टीबी अस्पताल में “माय हेल्थ, माय प्राइड” थीम पर स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किया गया।

शिविर में 100 माय भारत स्वयंसेवकों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इस दौरान ब्लड प्रेशर, ब्लड शुगर, एचआईवी सहित विभिन्न स्वास्थ्य जांचें की गईं। युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और नियमित स्वास्थ्य जांच के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में डॉ. अरुण सिंह ने पोषण, अच्छे स्वास्थ्य और नशे के स्वास्थ्य पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों को लेकर विशेषज्ञ सत्र आयोजित किया। उन्होंने युवाओं को नशे से दूर रहने तथा अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने का संदेश दिया।

इस अवसर पर जिला क्षय रोग अधिकारी, उप-चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रदीप कुमार, माय भारत की उपनिदेशक सोनिका चंद्रा, विशाल (फार्मासिस्ट), निर्मल सिंह (पीपीएम कोऑर्डिनेटर), आरती बघेल, पवन कुमार, वरुण एवं अमित कुमार सहित माय भारत के खंड स्वयंसेवक नीरज, रितिका, आशा और शिवेंद्र, पूर्व खंड स्वयंसेवक प्रियंका राजपूत तथा विभिन्न खंडों से आए युवा मौजूद रहे।

माय भारत की उपनिदेशक सोनिका चंद्रा ने कहा कि स्वस्थ युवा ही विकसित भारत की मजबूत नींव हैं। युवाओं को नशे से दूर रखते हुए उनके शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना अभियान का महत्वपूर्ण उद्देश्य है। उन्होंने युवाओं से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और समाज को नशामुक्त बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
