डीपीएस इटावा की तीन बेटियों ने सीबीएसई नेशनल ताईक्वांडो चैंपियनशिप में जीते दो सिल्वर और एक ब्रॉन्ज मेडल

इटावा। बाल विकास प्रोग्रेसिव स्कूल, पानीपत (हरियाणा) में 19 से 24 सितंबर तक आयोजित सीबीएसई नेशनल ताईक्वांडो चैंपियनशिप (2026-27) में दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस), इटावा की तीन प्रतिभावान छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जनपद का मान बढ़ाया है। इन होनहार खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में दो सिल्वर और एक ब्रॉन्ज मेडल जीतकर विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
प्रतियोगिता के बालिका वर्ग के अंतर्गत अंडर-14 आयु वर्ग में आद्रिका सिंह ने 16 किलो से कम भार वर्ग में और आध्या कुशवाहा ने 18 किलो से कम भार वर्ग में कड़े मुकाबलों का सामना करते हुए दो शानदार सिल्वर मेडल अपने नाम किए। इसी क्रम में, इसी आयु वर्ग के 20 किलो से कम भार वर्ग में अंशिका यादव ने उत्कृष्ट खेल कौशल का परिचय देते हुए ब्रॉन्ज मेडल पर कब्जा जमाया।
इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में गल्फ देशों जैसे दुबई, बहरीन, यूएई, ओमान, कतर, सऊदी अरब, कुवैत और यमन सहित देश-विदेश के लगभग 1200 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था, जिसमें डीपीएस इटावा की बेटियों ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।
विद्यालय लौटने पर तीनों विजेता खिलाड़ियों का माल्यार्पण कर और मिठाई खिलाकर भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर प्रिंसिपल भावना सिंह ने सभी छात्राओं को बधाई देते हुए भविष्य में भी निरंतर श्रेष्ठ प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया। डीपीएस इटावा के चेयरमैन डॉ. विवेक यादव और वाइस चेयरमैन डॉ. प्रीति यादव ने सफल खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की। खिलाड़ियों की इस सफलता के पीछे ताईक्वांडो कोच आराधना तिवारी और मैनेजर गौरव कुमार का कुशल निर्देशन और मार्गदर्शन मुख्य रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *