मैनपुरी फाटक अंडरपास बना ‘जलाशय’, चेतावनी के बावजूद घुसे वाहन, रोडवेज बस समेत पांच वाहन फंसे

इटावा। लगातार दो दिनों से हो रही बारिश के चलते शहर में जगह-जगह जलभराव की स्थिति बनी हुई है। शहर के सबसे व्यस्त मार्गों में शामिल मैनपुरी फाटक रेलवे अंडरपास भी भारी जलभराव की चपेट में आ गया। अंडरपास में कई फीट पानी भरने के बाद जिला प्रशासन ने बैरिकेडिंग लगाकर आवागमन रोक दिया, इसके बावजूद कुछ वाहन चालक बैरिकेडिंग को नजरअंदाज कर अंडरपास में प्रवेश करते रहे। नतीजा यह रहा कि रात से शनिवार तक रोडवेज बस समेत करीब पांच वाहन पानी में फंसकर खराब हो गए।

जानकारी के अनुसार शनिवार को अंडरपास में करीब पांच फीट तक पानी भर गया था। पानी का स्तर देखकर प्रशासन ने मार्ग को बंद कर बैरिकेडिंग की थी, लेकिन कुछ वाहन चालक जोखिम उठाते हुए पानी में घुस गए। पानी इंजन और साइलेंसर तक पहुंचने के बाद वाहन बीच रास्ते में बंद हो गए और चालक फंस गए।

बताया गया कि रात में एक रोडवेज बस जलभराव में फंस गई। इसके बाद शनिवार को चार कारें भी पानी में फंसकर बंद हो गईं। इनमें एक कार स्थानीय व्यक्ति की बताई गई, जबकि अन्य वाहनों में बाहर से आए लोग सवार थे। अंडरपास में पानी की गहराई का सही अंदाजा नहीं होने के कारण वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

जेसीबी और क्रेन से चला रेस्क्यू अभियान

वाहनों के पानी में फंसने की सूचना पर नगर पालिका की टीम मौके पर पहुंची और करीब दो घंटे तक रेस्क्यू अभियान चलाया। रोडवेज बस को बड़ी क्रेन की मदद से पानी से बाहर निकाला गया, जबकि महिंद्रा थार को जेसीबी से खींचकर सुरक्षित बाहर निकाला गया। अन्य कारों को भी नगर पालिका कर्मियों की मदद से जलभराव से बाहर निकाला गया।

लगातार बारिश के कारण अंडरपास में पानी की निकासी के लिए मोटर पंप चलाए जा रहे हैं। इसके बावजूद जलभराव बना हुआ है। प्रशासन की ओर से लगाए गए बैरिकेडिंग के बाद भी वाहनों के अंडरपास में प्रवेश करने से हादसे का खतरा बना हुआ है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि मैनपुरी फाटक अंडरपास में हर बार भारी बारिश के दौरान जलभराव की समस्या सामने आती है। ऐसे में जब तक पानी पूरी तरह नहीं निकल जाता, तब तक लोगों को बैरिकेडिंग के बावजूद अंडरपास में वाहन ले जाने से बचना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *