इटावा। इटावा प्रदर्शनी पंडाल में भव्य समूह नृत्य प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। पान कुंवर इंटरनेशनल स्कूल के संयोजन में आयोजित इस सांस्कृतिक कार्यक्रम में जनपद के विभिन्न प्रतिष्ठित विद्यालयों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। प्रतियोगिता में बालिकाओं की कुल 13 टीमों ने भाग लिया, जबकि बालकों की 15 टीमों ने अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ एसएसपी ब्रजेश कुमार श्रीवास्तव ने किया।

बालिका वर्ग में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए नारायण कॉलेज की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। द्वितीय स्थान रेडवुड ग्लोबल स्कूल को तथा तृतीय स्थान अर्चना मेमोरियल स्कूल को प्राप्त हुआ। इसके अतिरिक्त पानकुंवर इंटरनेशनल स्कूल, एस.एस. मेमोरियल सैफई एवं प्रियंशी संस्कार वैली की बालिका टीमों को उनके सराहनीय प्रदर्शन हेतु सांत्वना पुरस्कार प्रदान किए गए। बालक वर्ग में एस.एस. मेमोरियल सैफई की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। द्वितीय स्थान लीडर्स इंटरनेशनल स्कूल तथा तृतीय स्थान अर्चना मेमोरियल स्कूल को प्राप्त हुआ। वहीं पानकुंवर इंटरनेशनल स्कूल एवं कृष्णा एकेडमी की बालक टीमों को सांत्वना पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के शुभारंभ अवसर पर पानकुंवर इंटरनेशनल स्कूल के डायरेक्टर/मैनेजर डॉ. कैलाश चंद्र यादव ने सभी अतिथियों, प्रतिभागी विद्यालयों एवं छात्र-छात्राओं का हार्दिक स्वागत किया।

