इटावा। राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा एवं पोषण मिशन योजना के अंतर्गत जनपद में ‘श्री अन्नोत्सव’ कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। उप कृषि निदेशक के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम के तहत जनपद स्तरीय ‘रोड शो’ निकालकर आम जनमानस को मोटे अनाज के महत्व के प्रति जागरूक किया गया।

श्री अन्नोत्सव रोड शो का शुभारंभ विकास भवन कार्यालय से हुआ। यह रोड शो शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों और स्थानों से होता हुआ जिला कृषि कार्यालय पहुंचा, जहाँ इसका समापन किया गया। रोड शो के दौरान विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने बैनर व पोस्टरों के माध्यम से लोगों को भोजन में मोटे अनाज को शामिल करने की अपील की।
जिला कृषि अधिकारी आर. एन. सिंह ने इस अवसर पर बताया कि भारत सरकार के निर्देशन में ‘श्री अन्नोत्सव’ का आयोजन किया जा रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य श्री अन्न (मोटा अनाज) की खेती को बढ़ावा देना और इसके स्वास्थ्यवर्धक गुणों से लोगों को परिचित कराना है। उन्होंने कहा, “मोटा अनाज न केवल पोषण से भरपूर है, बल्कि किसानों के लिए भी यह बेहद लाभकारी है। किसान बाजरा, रागी और ज्वार जैसे मोटे अनाज की खेती कर कम लागत में अच्छा मुनाफा कमा सकते हैं।”

कार्यक्रम के दौरान विशेषज्ञों ने बताया कि आज की जीवनशैली में मोटा अनाज बीमारियों से लड़ने में सहायक है। रोड शो के माध्यम से किसानों और आम नागरिकों को यह संदेश दिया गया कि वे अपनी थाली में श्री अन्न को जगह दें और आत्मनिर्भर भारत के साथ-साथ स्वस्थ भारत के संकल्प को पूरा करें।
