होली पॉइंट एकेडमी में 77वें गणतंत्र दिवस का आयोजन हर्षोल्लास के साथ हुआ

भरथना। होली पॉइंट एकेडमी के प्रांगण में 77वें गणतंत्र दिवस का आयोजन अत्यंत हर्षोल्लास, देशभक्ति एवं सांस्कृतिक गरिमा के साथ किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति से विद्यालय परिसर उत्सवमय वातावरण से परिपूर्ण रहा।


इस गरिमामय अवसर पर कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रख्यात चिकित्सक डॉ. योगेन्द्र दुबे  रहे। वहीं पेरामाउण्ट हायर सेकेण्डरी स्कूल की प्रबन्धक  नीरजा पाण्डेय , प्रधानाचार्या प्रतिभा त्रिपाठी  तथा लॉयन्स क्लब राधे-राधे विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहा। सभी अतिथियों का विद्यालय परिवार द्वारा पुष्पगुच्छ एवं माल्यार्पण कर आत्मीय स्वागत किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि के आगमन के पश्चात ध्वजारोहण के साथ हुआ।

इसके उपरांत सभी उपस्थितजनों ने राष्ट्रगान गाकर देश के प्रति अपनी निष्ठा प्रकट की। ध्वजारोहण के पश्चात अतिथियों ने आसन ग्रहण किया और दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती पूजन के साथ कार्यक्रम को विधिवत प्रारंभ किया गया। छात्राओं द्वारा प्रस्तुत सरस्वती वंदना ने वातावरण को भक्तिमय एवं पावन बना दिया।
इसके पश्चात नन्हे बच्चों द्वारा स्वागत नृत्य प्रस्तुत किया, जिसने उपस्थित अतिथियों और अभिभावकों का मन मोह लिया। विद्यालय के निदेशक डॉ0 प्रदीप चन्द्र पाण्डेय ने अपने प्रेरणादायक संबोधन में कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल शैक्षणिक उपलब्धियाँ नहीं, बल्कि विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास है। उन्होंने बच्चों में संस्कार, अनुशासन एवं राष्ट्रप्रेम की भावना विकसित करने पर बल दिया।


इसके उपरांत मुख्य अतिथि से कार्यक्रम आरंभ करने की औपचारिक अनुमति ली गई और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला प्रारंभ हुई।
सर्वप्रथम छात्रा श्रुति द्वारा बॉलीवुड मिक्स पर एकल नृत्य प्रस्तुत किया गया। इसके बाद पी.जी. एवं एल.के.जी. के नन्हे विद्यार्थियों द्वारा “जिंदगी एक सफर है सुहाना” गीत पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुति दी गई।
यू.के.जी. के विद्यार्थियों द्वारा “चले जैसे हवाएँ” गीत पर समूह नृत्य प्रस्तुत किया गया।
इसके पश्चात अमित श्रीवास्तव द्वारा दिया गया संबोधन अत्यंत प्रेरणादायक रहा।
छात्रा आरोही एवं समूह द्वारा महिला सशक्तिकरण पर आधारित नाट्य प्रस्तुति ने सामाजिक संदेश देकर दर्शकों को भावविभोर कर दिया। छात्र ऋषभ द्वारा पियानो वादन ने श्रोताओं की भरपूर सराहना प्राप्त की।
देशभक्ति की भावना को आगे बढाते हुए छात्रा खुशी द्वारा “ऐ देश मेरे” गीत पर एकल नृत्य प्रस्तुत किया गया। इसके पश्चात श्रेया शर्मा एवं समूह द्वारा विद्यालय जीवन पर आधारित कोरियोग्राफ्ड स्किट प्रस्तुत की गई।
छात्रा माही द्वारा “वतन याद रहेगा” गीत पर एकल नृत्य ने पूरे वातावरण को देशप्रेम से भर दिया।
कार्यक्रम की श्रृंखला में आगे छात्रा हरलीन एवं समूह द्वारा गरबा मिक्स नृत्य, इसके बाद विद्यार्थियों द्वारा “तू जो मिला” समूह नृत्य जो कि शिक्षकों को समर्पित रहा। तत्पश्चात छात्राओं द्वारा अंग्रेजी समूह नृत्य, हरियाणवी मिक्स नृत्य, पहाडी

मिक्स नृत्य, सांबळपुरी (ओडिशा लोकनृत्य), पंजाबी गिद्धा, दक्षिण भारतीय मिक्स नृत्य जैसी रंगारंग प्रस्तुतियाँ दी गईं, जिन्हें दर्शकों ने तालियों की गडगडाहट से सराहा।
विशेष आकर्षण के रूप में विद्यार्थियों द्वारा “ऑपरेशन सिंदूर” विषय पर आधारित नृत्य प्रस्तुति दी गई, जिसने सामाजिक जागरूकता का संदेश दिया। अन्त में एक अत्यंत भावनात्मक एवं आध्यात्मिक क्षण तब देखने को मिला, जब मंच पर भगवान श्रीराम की झाँकी प्रस्तुत की गई। इस अवसर पर दक्षिण भारतीय नृत्य शैली के माध्यम से भगवान श्रीराम को श्रद्धा सुमन अर्पित किये गये। जिससे सम्पूर्ण वातावरण भक्तिरस से परिपूर्ण हो गया और दर्शक भाव-विभोर हो उठे।
मुख्य अतिथि डॉ. योगेन्द्र दुबे ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों की प्रतिभा की मुक्तकंठ से प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से बच्चों में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता एवं मंचीय कौशल का विकास होता है।
विद्यालय के प्रधानाचार्य  मनोज मिश्रा ने कहा कि होली पॉइंट एकेडमी शिक्षा के साथ-साथ संस्कारों के निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के प्रधानाचार्य द्वारा धन्यवाद ज्ञापित किया गया। उन्होंने मुख्य अतिथि, समस्त विशिष्ट अतिथियों, अभिभावकों, शिक्षक-शिक्षिकाओं, आयोजन समिति एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया और सभी के सहयोग से कार्यक्रम के सफल आयोजन पर प्रसन्नता व्यक्त की। मंच का संचालन दीपक सिंह चौहान द्वारा किया गया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में प्रमुख रूप से अरूण मोटवानी, दीपक सिंह चौहान, अनुराग दीक्षित, हिमांशु सिंह, आनन्द तिवारी, रिया विश्नोई, अनिकेत चतुर्वेदी, अजय यादव आदि का विशेष योगदान रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *