इटावा (बसरेहर)। थाना बसरेहर क्षेत्र के अंतर्गत अमृतपुर मंदिर के पास एक रोंगटे खड़े कर देने वाला हादसा सामने आया है। यहाँ एक अनियंत्रित तेज रफ्तार कार ने साइकिल सवार बालक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बालक कार के बोनट में फंस गया, जिसे बेखौफ चालक करीब 500 मीटर तक घसीटता हुआ ले गया। सिर में गंभीर चोट आने के कारण मासूम ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, क्षेत्र के निवासी अवनीश कुमार, जो एक पेट्रोल पंप पर सेल्समैन के रूप में कार्यरत हैं, उनका 8 वर्षीय पुत्र रितिक साइकिल से खेत से घर लौट रहा था। जैसे ही वह अमृतपुर मंदिर के पास पहुँचा, तभी तेज रफ्तार कार ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। चश्मदीदों ने बताया कि टक्कर के बाद बच्चा बोनट पर ही फंस गया था, लेकिन चालक ने कार रोकने के बजाय रफ्तार बढ़ा दी। करीब आधा किलोमीटर बाद कार लहराने पर बच्चा नीचे गिरा, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
हादसे की खबर मिलते ही रितिक के परिवार में चीख-पुकार मच गई। मासूम की मौत से माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद आरोपी चालक कार समेत मौके से फरार होने में कामयाब रहा। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद बसरेहर थाना पुलिस ने मौके पर पहुँचकर शव को कब्जे में लिया।
पुलिस ने शव को जिला अस्पताल पहुँचाया, जहाँ डॉक्टरों ने उसे ‘ब्रॉट डेड’ (मृत अवस्था में लाया गया) घोषित कर दिया। अस्पताल के डॉक्टरों के अनुसार, कानूनी प्रक्रिया पूरी कर शव को मोर्चरी में रखवा दिया गया है।
पुलिस का कहना है “मामले की गंभीरता को देखते हुए अज्ञात कार चालक के खिलाफ केस दर्ज किया जा रहा है। इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि कार की पहचान कर आरोपी को जल्द गिरफ्तार किया जा सके।”
