जसवंतनगर,इटावा। सिसहाट क्षेत्र में श्मशान स्थल निर्माण की मांग को लेकर भारतीय किसान यूनियन (धरतीपुत्र किसान) के पदाधिकारियों ने नगर पालिका परिषद जसवंतनगर में चेयरमैन सत्य नारायण शंखवार व अधिशासी अधिकारी श्याम बचन सरोज को ज्ञापन सौंपा। संगठन ने चेतावनी दी कि मांग पर शीघ्र कार्रवाई न होने पर आंदोलन किया जाएगा।मंगलवार को संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष सनी माधव यादव के नेतृत्व में पहुंचे संगठन पदाधिकारियों ने बताया कि सिसहाट वार्ड संख्या 1 एवं वार्ड संख्या 20 में आज तक कोई अधिकृत श्मशान स्थल नहीं है। इसके चलते ग्रामीणों को अंतिम संस्कार के लिए दूर-दराज स्थानों पर जाना पड़ता है,जिससे उन्हें भारी असुविधा और आर्थिक बोझ उठाना पड़ता है। बरसात के मौसम में स्थिति और भी दयनीय हो जाती है।
ज्ञापन में डॉ.प्रतीक यादव, विजय कुमार,रवि यादव, रामपाल,अरविंद,उदय प्रताप,हिमांशु यादव, रामप्रकाश,अरुण कुमार, अजीत पाराशर,गिरीश चंद सहित अन्य पदाधिकारियों के हस्ताक्षर हैं। संगठन ने अवगत कराया कि सिसहाट में सरकारी भूमि गाटा संख्या 96 व 116, जो खतौनी में दर्ज है, श्मशान स्थल के लिए उपयुक्त है। संबंधित भूमि की खतौनी की छायाप्रति भी ज्ञापन के साथ संलग्न की गई है।भाकियू पदाधिकारियों ने मांग की कि उक्त भूमि को श्मशान के नाम दर्ज कराते हुए शीघ्र निर्माण कार्य प्रारंभ कराया जाए। उन्होंने कहा कि यह जनहित से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है और इसे प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाना चाहिए। ज्ञापन की प्रतिलिपि जिलाधिकारी इटावा को भी आवश्यक कार्रवाई हेतु प्रेषित की गई है।
श्मशानघाट निर्माण की मांग को लेकर सौंपा ज्ञापन
