इटावा। स्वर्गीय कल्याण सिंह की स्मृति में 01 मार्च रविवार को इटावा जनपद में भव्य मूर्ति अनावरण एवं विशाल जनसभा का आयोजन किया जाएगा। इस संबंध में आयोजक ब्लॉक प्रमुख बढ़पुरा गणेश राजपूत ने प्रेस वार्ता कर कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उन्नाव के सांसद डॉ. सच्चिदानंद हरि साक्षी जी महाराज (राष्ट्रीय अध्यक्ष, अखिल भारतीय लोधी राजपूत कल्याण महासभा) उपस्थित रहेंगे। उनके साथ विशिष्ट अतिथि के रूप में पूर्व सांसद व पूर्व मंत्री राजवीर सिंह ‘राजू भैया’ और उत्तर प्रदेश सरकार के बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह भी शिरकत करेंगे।
यह कार्यक्रम निश्चित रूप से ऐतिहासिक होगा, साथ ही जिसमें बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, समाजसेवी एवं क्षेत्रीय नागरिक भाग लेंगे। कार्यक्रम के अंतर्गत प्रातः 10 बजे ब्लॉक परिसर, विकास खंड बढ़पुरा में मूर्ति अनावरण किया जाएगा, तत्पश्चात प्रातः 11 बजे से नुमाइश पंडाल, में विशाल जनसभा आयोजित होगी।
प्रेस वार्ता में बताया गया कि स्वर्गीय कल्याण सिंह का इटावा से पुराना और गहरा नाता रहा है। उनके योगदान और व्यक्तित्व को स्मरण करते हुए उनकी स्मृति में यह प्रतिमा स्थापित की जा रही है, ताकि आने वाली पीढ़ियां उनके कार्यों से प्रेरणा ले सकें।
आयोजकों ने जनपदवासियों से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।
