जसवंतनगर।फार्मेसी के जनक प्रो. महादेव लाल श्रॉफ की जयंती के अवसर पर चौधरी सुघर सिंह फार्मेसी कॉलेज, जसवंतनगर में शुक्रवार 6 मार्च 2026 को विभिन्न शैक्षणिक एवं रचनात्मक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में फार्मेसी शिक्षा के महत्व के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा उनकी रचनात्मक प्रतिभा को प्रोत्साहित करना था।
कार्यक्रम के अंतर्गत पोस्टर प्रस्तुतीकरण, प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता, भाषण प्रतियोगिता, पावर प्वाइंट प्रस्तुतीकरण तथा बिना आग के व्यंजन निर्माण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इन प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपने विषय ज्ञान, रचनात्मक सोच और प्रस्तुति कौशल का प्रभावशाली प्रदर्शन किया।

पोस्टर प्रस्तुतीकरण प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने स्वास्थ्य जागरूकता, पर्यावरण संरक्षण, औषधि सुरक्षा तथा जनस्वास्थ्य जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर आकर्षक पोस्टर प्रस्तुत किए, जिन्हें उपस्थित शिक्षकों और विद्यार्थियों ने सराहा।
प्रश्नोत्तरी एवं भाषण प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों ने फार्मेसी शिक्षा, दवा निर्माण, स्वास्थ्य सेवाओं तथा समाज में फार्मासिस्ट की भूमिका से जुड़े विषयों पर अपने विचार व्यक्त किए। वहीं पावर प्वाइंट प्रस्तुतीकरण के माध्यम से विद्यार्थियों ने आधुनिक फार्मेसी के विभिन्न पहलुओं को वैज्ञानिक और तकनीकी दृष्टिकोण से प्रस्तुत किया।
इस अवसर पर संस्थान के प्रबंध निदेशक श्री अनुज मोंटी यादव तथा निदेशक डॉ. प्रदीप कुमार यादव ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों के समग्र विकास के लिए अत्यंत आवश्यक होते हैं। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित होती है, जिससे उनका ज्ञान, आत्मविश्वास और व्यक्तित्व निखरता है।
इस अवसर पर कॉलेज के सभी शिक्षकगण, स्टाफ सदस्य तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे और कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
