नवरात्रि पर ‘न्याय की तीन देवियां’ का संदेश: जागरूक बनें छात्र,छात्राएं सोशल मीडिया से रखें दूरी

जसवंतनगर। गुरुवार को जिला जज रजत सिंह जैन के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव श्रीमती आरती द्विवेदी द्वारा शिवपाल सिंह पीजी महाविद्यालय में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। नवरात्रि के प्रथम दिवस पर आयोजित इस कार्यक्रम में उन्होंने ‘न्याय की तीन देवियां’ का उल्लेख करते हुए छात्र-छात्राओं को जागरूक, सजग और जिम्मेदार नागरिक बनने का संदेश दिया।
आरती द्विवेदी ने अपने संबोधन में कहा कि जीवन में किसी को भी इतना अपना न समझें कि अपनी हर निजी बात साझा कर दें। उन्होंने कहा कि सोचने का दायरा बढ़ाने और सही निर्णय लेने की क्षमता विकसित करना बेहद जरूरी है, जिससे भविष्य में किसी प्रकार की समस्या का सामना न करना पड़े। उन्होंने विशेष रूप से 13 से 18 वर्ष की आयु को जीवन की नींव बताते हुए कहा कि यही वह समय है जब व्यक्ति का भविष्य तय होता है। इस दौरान सोशल मीडिया से दूरी बनाकर केवल सकारात्मक और ज्ञानवर्धक चीजों को अपनाना चाहिए तथा अपने लक्ष्य को स्पष्ट रूप से निर्धारित करना चाहिए।
उन्होंने नशे के दुष्परिणामों से आगाह करते हुए कहा कि युवाओं को किसी भी प्रकार की लत से दूर रहना चाहिए। यदि नशा करना ही है तो पढ़ाई का नशा करें, जिससे जीवन में सफलता प्राप्त हो सके। उन्होंने यह भी बताया कि सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशानुसार सभी शिक्षण संस्थानों में पॉश (POSH) कमेटी का गठन अनिवार्य है, जिससे महिलाओं और छात्राओं की शिकायतों का समाधान हो सके। यदि वहां समाधान नहीं होता है तो ‘अधिकार मित्र’ के माध्यम से सहायता ली जा सकती है। साथ ही ‘न्याय विभाग आपके द्वार’ योजना के तहत 19100 नंबर पर शिकायत दर्ज कराने की जानकारी दी।
सीओ आयुषी सिंह ने कहा कि इस शिविर का मुख्य उद्देश्य छात्र-छात्राओं एवं आमजन को उनके विधिक अधिकारों और सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने छात्राओं को साइबर अपराधों से बचने के लिए सतर्क रहने की सलाह देते हुए कहा कि किसी से निजी चैट न करें, अपने फोटो साझा न करें, किसी भी संदिग्ध लिंक को न खोलें और ओटीपी किसी के साथ साझा न करें। यदि किसी प्रकार का फ्रॉड हो जाए तो तुरंत 1930 हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराएं, जिससे समय रहते धनराशि को बचाया जा सके।
तहसीलदार नेहा सचान ने कहा कि यह समय अपने सपनों को साकार करने और भविष्य तय करने का है, इसलिए पूरी मेहनत और लगन के साथ अपने लक्ष्य की ओर बढ़ें। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि का स्वागत एमडी आशुतोष टोनू यादव ने मोमेंटो व बुके देकर किया। छात्राओं द्वारा स्वागत गीत प्रस्तुत किया गया। इस दौरान पीएलवी ऋषभ पाठक, रामसुन्दर दुबे, कुमारी नीरज, लालमन व राजेन्द्र सिंह ने विभिन्न सरकारी योजनाओं, निःशुल्क कानूनी सहायता, लोक अदालत एवं विधिक सेवा प्राधिकरण की कार्यप्रणाली की जानकारी दी। मंच संचालन रामसुन्दर दुबे एवं डॉ. खुशबू यादव ने किया।स्कूल स्टाफ से प्रधानाचार्य संजय कुमार, कल्यान सिंह आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *