इटावा। शनिवार सुबह ईद-उल-फितर के मौके पर शहर के ईदगाह में बड़ी संख्या में अकीदतमंदों ने नमाज अदा की। नमाज के बाद खास तौर पर मिडिल ईस्ट में जारी हालात को लेकर अमन-चैन की दुआ मांगी गई। भीड़ अधिक होने के कारण नमाज दो शिफ्ट में कराई गई और प्रशासन की कड़ी निगरानी में पूरा कार्यक्रम शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ।

मिडिल ईस्ट में अमन के लिए उठे हाथ
नमाज के बाद लोगों ने मिडिल ईस्ट के देशों में शांति और स्थिरता के लिए विशेष दुआ मांगी। अकीदतमंदों का कहना था कि दुनिया के किसी भी हिस्से में अशांति का असर वैश्विक स्तर पर पड़ता है, इसलिए ईद के अवसर पर अमन और भाईचारे की दुआ सबसे महत्वपूर्ण है। साथ ही देश में सुख-शांति और समृद्धि की कामना भी की गई।
ईदगाह परिसर में सुबह 7 बजे और 8 बजे दो अलग-अलग समय पर नमाज अदा कराई गई। दोनों शिफ्ट में भारी संख्या में मुस्लिम समाज के लोग पहुंचे और पूरी आस्था के साथ इबादत की। भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने यह व्यवस्था सुनिश्चित की, जिससे सभी लोग व्यवस्थित रूप से नमाज अदा कर सकें।
सुरक्षा और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन पूरी तरह अलर्ट रहा। जिलाधिकारी शुभ्रांत कुमार शुक्ल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव और सीओ सिटी अभय नारायण राय सहित पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी मौके पर मौजूद रहे। अधिकारियों ने व्यवस्थाओं का जायजा लिया और किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न होने देने के निर्देश दिए।

प्रशासन द्वारा पहले ही निर्देश जारी किए गए थे कि सड़कों या खुले सार्वजनिक स्थानों पर नमाज अदा नहीं की जाएगी। इन निर्देशों का सख्ती से पालन कराया गया। ईदगाह और आसपास के क्षेत्रों में पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहा और हर गतिविधि पर नजर रखी गई।

नेताओं और सामाजिक लोगों ने दी मुबारकबाद
ईद के मौके पर समाजवादी पार्टी के सांसद जितेंद्र दोहरे, जिलाध्यक्ष प्रदीप शाक्य, पूर्व प्रत्याशी सर्वेश शाक्य, पूर्व चेयरमैन कुलदीप गुप्ता संटू, सपा के पूर्व नगर अध्यक्ष वसीम चौधरी सहित अन्य जनप्रतिनिधियों व व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने ईदगाह पहुंचकर मुस्लिम समाज के लोगों को गले मिलकर मुबारकबाद दी और आपसी भाईचारे का संदेश दिया।

शहर में दिखा भाईचारे और खुशी का माहौल
ईद के अवसर पर शहर की विभिन्न मस्जिदों में भी नमाज अदा की गई। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले मिलकर बधाई दी और मिठाइयां बांटीं। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक के चेहरों पर खुशी नजर आई और पूरे शहर में सौहार्द व भाईचारे का माहौल देखने को मिला।
