पुलिस ने भटके बालक को परिजनों से मिलाया

जसवंतनगर,इटावा। मिशन शक्ति फेज-5 अभियान के अंतर्गत थाना प्रभारी निरीक्षक कमल भाटी के नेतृत्व में नगर क्षेत्र में महिला सुरक्षा और जागरूकता को लेकर व्यापक अभियान चलाया गया। इस दौरान सदर बाजार,कटरा खूबचंद, जनाना मार्केट,रामलीला रोड,सराफा बाजार और केला देवी मंदिर क्षेत्र में भ्रमण कर महिलाओं को उनके अधिकारों और सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया।
अभियान के दौरान पुलिस टीम ने सराहनीय कार्य करते हुए एक भटके हुए बालक को सकुशल उसके परिजनों से मिलाया। थाना प्रभारी कमल भाटी ने बताया कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव के निर्देशन में मिशन शक्ति टीम लगातार सक्रिय रूप से कार्य कर रही है,जिसका उद्देश्य महिलाओं को सुरक्षा, सम्मान और सहायता प्रदान करना है।
उपनिरीक्षक मनीष कुमार,ललित चतुर्वेदी,कृष्ण कुमार, शिवशंकर सिंह,आशीष कुमार,शुभम वर्मा सहित महिला एवं पुरुष पुलिस टीम केला देवी मंदिर के पास ड्यूटी पर तैनात थी। इसी दौरान टीम को एक बालक रोता हुआ मिला, जो अपनी कम उम्र के कारण अपने घर के बारे में स्पष्ट जानकारी नहीं दे पा रहा था।
पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए बालक को सुरक्षित थाना लाकर महिला आरक्षी श्वेता और सुरेखा द्वारा उसकी काउंसिलिंग कराई। इसके बाद बालक ने अपना नाम कुलदीप (लगभग 11 वर्ष) बताया। इस आधार पर थाना भोगनीपुर,जनपद कानपुर देहात पुलिस से संपर्क किया गया।
सूचना मिलने पर बालक के पिता उमेश तिवारी थाना जसवंतनगर पहुंचे। आवश्यक सत्यापन के बाद पुलिस ने बालक को उसके पिता के सुपुर्द कर दिया। इस दौरान परिजनों ने पुलिस की त्वरित कार्रवाई और संवेदनशीलता के लिए आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *