स्कूल चलो अभियान के तहत इटावा जनपद की 80 प्रतिशत साक्षरता दर बड़ी

इटावा, 01 अप्रैल 2026। सदर विधायक सरिता भदौरिया एवं जिलाधिकारी शुभ्रांत कुमार शुक्ल की अध्यक्षता में स्कूल चलो अभियान कार्यक्रम विकास भवन स्थित प्रेरणा सभागार में आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इस दौरान स्कूली बच्चियों द्वारा सरस्वती गीत प्रस्तुत कर वातावरण को भक्तिमय बना दिया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सदर विधायक ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में प्रत्येक बच्चे को आगे बढ़ने का अवसर मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि देश की वास्तविक प्रगति तभी संभव है जब समाज शिक्षित एवं स्वस्थ होगा। उन्होंने वर्ष 2047 के विकसित भारत के लक्ष्य का उल्लेख करते हुए कहा कि इसे प्राप्त करने के लिए शिक्षा की मजबूत नींव आवश्यक है।
उन्होंने निर्देश दिए कि घर-घर सर्वे कर सभी बच्चों का नामांकन सुनिश्चित किया जाए, ताकि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे। उन्होंने बताया कि इटावा जनपद 80 प्रतिशत साक्षरता दर के साथ आगे बढ़ रहा है। साथ ही 3 वर्ष पूर्ण कर चुके बच्चों का आंगनवाड़ी में तथा 6 वर्ष पूर्ण कर चुके बच्चों का कक्षा 1 में अनिवार्य रूप से प्रवेश कराने पर बल दिया।
जिलाधिकारी ने अपने संबोधन में कहा कि प्रदेश सरकार का संकल्प है कि प्रत्येक बच्चा विद्यालय जाए और शिक्षा प्राप्त कर अपने परिवार, गुरु एवं जनपद का नाम रोशन करे। उन्होंने निपुण भारत मिशन के तहत सभी बच्चों को निपुण बनाने पर विशेष जोर दिया।
कार्यक्रम के दौरान सर्वाधिक नामांकन बढ़ाने वाले शिक्षकों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया तथा कस्तूरबा गांधी विद्यालय की छात्राओं को पुस्तक एवं बैग वितरित किए गए।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी अजय कुमार गौतम, जिला पंचायत सदस्य सचिन यादव, जिला विद्यालय निरीक्षक अतुल सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. राजेश कुमार, जिला कार्यक्रम अधिकारी लक्ष्मीकांत त्रिपाठी सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *