भरथना,इटावा। भरथना तहसील में प्रशासनिक आदेशों की खुली अनदेखी का मामला सामने आया है। यहां लेखपाल सरिता यादव पर मनमानी और गलत जांच रिपोर्ट लगाने के गंभीर आरोप लगे हैं, जिससे एक पीड़ित महिला पिछले 4 महीनों से न्याय के लिए दर-दर भटकने को मजबूर है।
नगला जयलाल निवासी पीड़िता रजनी यादव पत्नी अरुण प्रताप यादव ने आरोप लगाया है कि गांव में स्थित उसकी भूमि पर दबंग कब्जा करने की कोशिश कर रहे हैं। मामले की शिकायत उच्च अधिकारियों तक पहुंचने के बाद भी लेखपाल सरिता यादव द्वारा मौके पर जाकर नापतौल तो की जाती है, लेकिन रिपोर्ट में सही तथ्य दर्ज नहीं किए जाते।
पीड़िता का कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है, जिससे दबंगों के हौसले बुलंद हैं। इतना ही नहीं, विरोध करने पर नामजद दबंगों द्वारा जान से मारने की धमकी भी दी जा रही है।
न्याय की आस में पीड़िता ने शनिवार को भरथना में आयोजित सम्पूर्ण तहसील समाधान दिवस में आलाधिकारियों के समक्ष गुहार लगाई, जहां तहसीलदार दिलीप कुमार ने मामले को गंभीरता से लेते हुए लेखपाल सरिता यादव को कड़ी फटकार लगाई और निष्पक्ष व सही जांच करने के निर्देश दिए।
इसके बावजूद क्षेत्र में यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है और एक बार फिर भरथना तहसील में इंसाफ की मांग जोर पकड़ रही है। अब देखना यह होगा कि प्रशासन पीड़िता को कब तक न्याय दिला पाता है या फिर आदेशों की अनदेखी का यह सिलसिला यूं ही जारी रहेगा।
