सम्पूर्ण समाधान दिवस में 28 शिकायतें प्राप्त, 3 का मौके पर निस्तारण

इटावा, 04 अप्रैल 2026। जिलाधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ब्रजेश कुमार श्रीवास्तव की अध्यक्षता में तहसील सदर में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान प्राप्त शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण के लिए सभी विभागीय अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।


जिलाधिकारी ने कहा कि अधिकारीगण संबंधित कर्मचारियों के साथ मौके पर जाकर शिकायतकर्ता का पक्ष सुनें और समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करें। उन्होंने प्रकरणों की गंभीरता से जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्यवाही करने के निर्देश भी दिए। साथ ही गांवों के भ्रमण के दौरान विभागीय योजनाओं का सत्यापन करने एवं लाभार्थियों से फीडबैक लेने पर जोर दिया।
तहसील सदर में कुल 28 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 3 शिकायतों का मौके पर निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष शिकायतों को संबंधित अधिकारियों को सौंपते हुए शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए गए। समाधान दिवस में सर्वाधिक शिकायतें विद्युत विभाग एवं स्वच्छ पेयजल से संबंधित रहीं। जिलाधिकारी ने एक सप्ताह से अधिक समय से लंबित मामलों में देरी के कारण दर्ज करने तथा सभी प्रकरणों का एक सप्ताह के भीतर निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ब्रजेश कुमार श्रीवास्तव ने पुलिस से संबंधित मामलों की सुनवाई करते हुए थानाध्यक्षों को प्रत्येक प्रकरण में मौके पर जाकर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनसुनवाई के दौरान प्राप्त समस्याओं के समाधान की गुणवत्ता का फीडबैक शासन स्तर से लिया जा रहा है, इसलिए निस्तारण प्रभावी और संतोषजनक होना चाहिए।
इस अवसर पर उपजिलाधिकारी सदर विक्रम सिंह राघव, क्षेत्राधिकारी, तहसीलदार सदर राजुकुमार सिंह सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *