इटावा। थाना सिविल लाइन क्षेत्र अंतर्गत ईदगाह चौराहे के पास स्थित एक कार गैराज में अचानक भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते गैराज में खड़ी पांच गाड़ियां जलकर पूरी तरह राख हो गईं। इस हादसे में लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है।
आग की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। आग बुझाने में करीब आधा घंटा लग गया, इस दौरान पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
घटना के चलते ईदगाह चौराहे के आसपास यातायात भी करीब आधे घंटे तक प्रभावित रहा। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए थाना सिविल लाइन पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी और ट्रैफिक को डायवर्ट किया गया।
घटना की जानकारी मिलते ही सीओ सिटी भी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है, हालांकि शुरुआती आशंका शॉर्ट सर्किट की जताई जा रही है।
पुलिस और फायर विभाग मामले की जांच में जुटे हुए हैं।
ईदगाह चौराहे के पास कार गैराज में भीषण आग, पांच गाड़ियां जलकर राख
