इटावा। जिला प्रशासन ने जनपद में बढ़ती गर्मी को देखते हुए अप्रैल माह तक हीटवेव (लू) का येलो अलर्ट जारी किया है। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी अवनीश दुबे ने आम जनमानस से अपील की है कि दोपहर 12 बजे से 3 बजे के बीच अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें और सावधानी बरतें।
उन्होंने बताया कि हीटवेव के दौरान चाय, कॉफी और अल्कोहल के सेवन से बचें तथा अधिक से अधिक पानी पीते रहें। जनपद में तापमान 40.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है, जिससे लू का खतरा बढ़ गया है।

प्रशासन ने लोगों को सलाह दी है कि यदि आवश्यक कार्य से बाहर निकलना पड़े तो गमछा, छाता या टोपी का उपयोग करें और पर्याप्त मात्रा में पानी साथ रखें। साथ ही पालतू पशु-पक्षियों के साथ-साथ आवारा जानवरों के लिए भी घरों के बाहर दाना-पानी की व्यवस्था करने की अपील की गई है।
जिला आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा संभावित आपदा से निपटने के लिए जल्द ही “लू राहत चौपाल” का आयोजन किया जाएगा। इस चौपाल में स्वास्थ्य, कृषि और आपदा प्रबंधन विभाग की टीमें मिलकर लोगों को जागरूक करेंगी और बचाव के उपाय बताएंगी।
अधिकारी ने बताया कि जनपद के चकरनगर क्षेत्र में सर्वाधिक तापमान दर्ज किया जाता है, इसलिए वहां सबसे पहले जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। प्रशासन का लक्ष्य है कि पूर्व वर्षों की तरह इस बार भी प्रभावी प्रयासों के जरिए जनहानि को रोका जा सके।

तेज धूप और हीट वेव लू में भी स्कूली बच्चों को कोई राहत नहीं है स्कूल से वापस आने पर छोटे बच्चे बेहाल हो जाते है जनपद में कई विद्यालयों में वातानुकुलित कमरे जहां उन्हें कोई परेशानी नहीं होती लेकिन जब वह घर वापस जाते तो लू लगने से बेहाल हो जाते हैं। अभिभावक उन्हें धूप से बचने के लिए संसाधन का भी प्रयोग करते लेकिन सब फेल हो जाते हैं।
