सिंचाई विभाग में रिकॉर्ड रूम आगजनी का आरोपी गिरफ्तार

इटावा। जनपद में बहुचर्चित रिकॉर्ड रूम आगजनी मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना सिविल लाइन पुलिस ने सरकारी अभिलेख जलाने वाले फरार अभियुक्त भरत कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिसंबर 2025 में निचली गंगा नहर स्थित रिकॉर्ड रूम में आगजनी की घटना हुई थी, जिसमें कई महत्वपूर्ण सरकारी दस्तावेज, कंप्यूटर और फर्नीचर जलकर नष्ट हो गए थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस द्वारा लगातार अभियुक्त की तलाश की जा रही थी।
जांच में सामने आया कि आरोपी भरत कुमार ने रिकॉर्ड रूम का दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया और आग लगा दी। घटना स्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरों में भी वह सुबह के समय संदिग्ध गतिविधियों के साथ नजर आया था, जिसके बाद से वह फरार चल रहा था।
थाना सिविल लाइन के प्रभारी निरीक्षक कण्व कुमार मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने अभिसूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस द्वारा आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *