इटावा सफारी पार्क में तेन्दुए की पूंछ का ऑपरेशन, शेर ‘विश्वा’ भी अस्वस्थ

इटावा। इटावा सफारी पार्क में लखीमपुर खीरी से 12 अप्रैल 2026 को विशेष उपचार के लिए लाए गए तेन्दुए की हालत गंभीर पाई गई। उपचार के दौरान उसकी पूंछ में चोट के चलते जांच में पता चला कि पूंछ की हड्डी टूट चुकी है।
विशेषज्ञ परामर्श के लिए पंडित दीन दयाल उपाध्याय पशु चिकित्सा विज्ञान विश्वविद्यालय, मथुरा के सर्जरी विभाग के सेवानिवृत्त प्रोफेसर डॉ. आर.पी. पाण्डे को बुलाया गया। निरीक्षण के दौरान चिकित्सकों ने संक्रमण के खतरे को देखते हुए तेन्दुए की पूंछ को काटकर हटाना ही अंतिम विकल्प माना। इसके बाद डॉ. पाण्डे और सफारी पार्क के वन्यजीव चिकित्सकों की टीम ने सफलतापूर्वक ऑपरेशन कर पूंछ को अलग कर आवश्यक उपचार किया।
वहीं, सफारी पार्क में वर्ष 2022 में जन्मा बब्बर शेर ‘विश्वा’ भी पिछले कुछ दिनों से अस्वस्थ चल रहा है। शेर द्वारा पर्याप्त मात्रा में आहार लिया जा रहा है, लेकिन उसकी आंखों में सूजन और बुखार में अभी तक अपेक्षित सुधार नहीं हुआ है।
विशेषज्ञ डॉ. आर.पी. पाण्डे द्वारा शेर का भी उपचार किया गया है। इसके अलावा बेहतर इलाज सुनिश्चित करने के लिए भारतीय पशु चिकित्सा अनुसंधान संस्थान, बरेली से भी संपर्क किया जा रहा है। सफारी पार्क के वन्यजीव चिकित्सकों द्वारा दोनों वन्यजीवों का नियमित उपचार जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *