केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर बसरेहर में जनसंवाद एवं जनकल्याण मेला आयोजित

इटावा, 15 जून 2026। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 5 जून से 21 जून 2026 तक संचालित व्यापक जनकल्याण एवं जन-जागरूकता अभियान के अंतर्गत विकास खंड सभागार बसरेहर में जनसंवाद कार्यक्रम एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार हेतु मेले का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रदेश की महिला कल्याण, बाल विकास एवं पुष्टाहार मंत्री तथा जनपद की प्रभारी मंत्री बेबी रानी मौर्य ने की।


कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री ने कहा कि सरकार जनता के बीच पहुंचकर विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने और पात्र लाभार्थियों को उनका लाभ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ऐसे कार्यक्रमों का आयोजन कर रही है। उन्होंने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, फसल बीमा योजना, उज्ज्वला योजना, स्वच्छ भारत मिशन तथा महिला एवं बाल विकास विभाग की योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि ये योजनाएं समाज के प्रत्येक वर्ग के उत्थान के लिए संचालित की जा रही हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में घर-घर शौचालय निर्माण से महिलाओं की गरिमा एवं सुरक्षा सुनिश्चित हुई है। उज्ज्वला योजना के माध्यम से करोड़ों महिलाओं को निःशुल्क गैस कनेक्शन उपलब्ध कराए गए हैं, जिससे उन्हें धुएं से होने वाली स्वास्थ्य समस्याओं से राहत मिली है।


प्रभारी मंत्री ने कहा कि किसानों को आर्थिक संबल देने के लिए किसान सम्मान निधि प्रदान की जा रही है तथा महिलाओं, बेटियों और कमजोर वर्गों के कल्याण के लिए अनेक योजनाएं संचालित हैं। उन्होंने बताया कि प्रदेश में लाखों निराश्रित एवं विधवा महिलाओं को पेंशन का लाभ मिल रहा है। उन्होंने उपस्थित लोगों से मेले का अधिकतम लाभ उठाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास” की भावना के साथ कार्य कर रही है। स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार, आधारभूत संरचना के विकास और महिलाओं के सशक्तिकरण को सरकार की प्रमुख उपलब्धियां बताते हुए उन्होंने बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान की भी सराहना की।


सदर विधायक सरिता भदौरिया ने कहा कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंच रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में कानून व्यवस्था मजबूत हुई है और नागरिकों में सुरक्षा की भावना बढ़ी है।


जिलाधिकारी ने अपने संबोधन में कहा कि केंद्र सरकार के 12 वर्षों की विकास यात्रा में ग्रामीण विकास, आवास, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार एवं आधारभूत संरचना के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य हुए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाना है।


कार्यक्रम के दौरान प्रभारी मंत्री द्वारा बसरेहर में अन्नप्राशन एवं गोद भराई की रस्म भी संपन्न कराई गई। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष अन्नू गुप्ता, पूर्व सांसद रघुराज शाक्य, पूर्व सांसद प्रेमदास कठेरिया, पूर्व विधायक सावित्री कठेरिया, मुख्य विकास अधिकारी अजय कुमार गौतम, ब्लॉक प्रमुख दिलीप यादव बबलू सहित जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *