अखिलेश के जन्मदिन पर प्रो. रामगोपाल का बड़ा बयान, बोले- जनता भ्रष्टाचार से त्रस्त, 2027 में होगा बदलाव

इटावा। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय प्रमुख महासचिव प्रो. रामगोपाल यादव ने सैफई में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के 53वें जन्मदिन के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में राम मंदिर में चढ़ावे से जुड़े कथित घोटाले को लेकर बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि राम मंदिर चढ़ावा चोरी के मामले में की जा रही कार्रवाई केवल “सुपरफिशियल” है। उनका आरोप था कि इस मामले में बड़े-बड़े लोग शामिल हैं और इसमें कम से कम 20 हजार करोड़ रुपये का घपला हुआ है। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं ने सोना, चांदी, हीरे के हार सहित करोड़ों रुपये मूल्य की भेंट चढ़ाई, लेकिन उसका सही हिसाब सामने नहीं आया।

प्रो. रामगोपाल यादव ने कहा कि प्रदेश की जनता भ्रष्टाचार और दमनकारी शासन से ऊब चुकी है। उन्होंने विश्वास जताया कि अखिलेश यादव ही ऐसे नेता हैं जो प्रदेश को वर्तमान शासन से मुक्ति दिला सकते हैं। उन्होंने अखिलेश यादव को 53वें जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए उनके दीर्घायु होने की कामना की और कहा कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में जनता उन्हें मुख्यमंत्री बनाएगी।

इस अवसर पर प्रो. रामगोपाल यादव ने सैफई में 53 अमलतास के पौधों का वृक्षारोपण किया। वृक्षारोपण अभियान की शुरुआत महिलाओं द्वारा की गई, जिसके बाद प्रो. रामगोपाल यादव एवं अन्य समाजवादी नेताओं ने भी पौधे लगाए।

कार्यक्रम में सांसद अक्षय यादव (फिरोजाबाद), विधायक राघवेंद्र गौतम (भरथना), विधायक प्रदीप यादव (दिबियापुर), सपा जिलाध्यक्ष प्रदीप शाक्य ‘बबलू’, गोपाल यादव, संटू गुप्ता, अनीता यादव, हरिओम यादव, नगर पालिका अध्यक्ष ज्योति गुप्ता, अरविंद यादव, योगेश यादव, संतोष यादव, वीरू भदौरिया, सर्वेश शाक्य, फुरकान अहमद सहित बड़ी संख्या में समाजवादी पार्टी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *