इटावा। यश इंटरनेशनल स्कूल, विजयपुरा, कचौरा रोड, इटावा में नए शैक्षणिक सत्र के प्रथम दिवस पर विद्यार्थियों का भव्य एवं आत्मीय स्वागत किया गया। विद्यालय परिसर में बच्चों के आगमन को यादगार बनाने के लिए विशेष स्वागत कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
विद्यालय के मुख्य द्वार पर प्रधानाचार्य श्रीमती श्रद्धा दुबे द्वारा फीता काटकर नए सत्र का शुभारंभ किया गया। इसके पश्चात विद्यालय परिवार द्वारा विद्यार्थियों का तिलक लगाकर स्वागत किया गया। बच्चों को विद्यालय आगमन पर वेलकम पॉप्स एवं चॉकलेट प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
कक्षाओं में भी विद्यार्थियों के स्वागत के लिए विशेष व्यवस्था की गई। प्रत्येक कक्षा में कक्षाध्यापकों द्वारा फीता काटकर बच्चों का स्वागत किया गया और उन्हें नए सत्र के लिए शुभकामनाएं दी गईं। शिक्षकों ने विद्यार्थियों के साथ संवाद करते हुए उन्हें नए लक्ष्य निर्धारित करने और मन लगाकर अध्ययन करने के लिए प्रेरित किया।
प्रधानाचार्य श्रीमती श्रद्धा दुबे ने कहा कि विद्यालय का प्रथम दिन बच्चों के लिए हमेशा विशेष होता है। हमारा प्रयास है कि प्रत्येक विद्यार्थी को ऐसा सकारात्मक एवं प्रेरणादायक वातावरण मिले, जहां वह शिक्षा के साथ-साथ आत्मविश्वास और रचनात्मकता का विकास कर सके।
विद्यालय प्रबंधन ने सभी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए नए सत्र की शुभकामनाएं दीं।
