मूसलाधार बारिश से मैनपुरी फाटक अंडरपास जलमग्न, 8 फीट तक भरा पानी, यातायात बंद

इटावा। रात्रि से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के चलते शहर का मैनपुरी फाटक अंडरपास पूरी तरह जलमग्न हो गया। बताया जा रहा है कि अंडरपास में करीब 8 फीट से अधिक पानी भर गया है, जिससे यातायात पूरी तरह बाधित हो गया है।
स्थिति को देखते हुए नगर पालिका प्रशासन ने अंडरपास के दोनों ओर बैरिकेडिंग कर मार्ग को बंद कर दिया है। वहीं, यातायात पुलिस एवं नगर पालिका के कर्मचारी दोनों ओर तैनात हैं, ताकि कोई भी वाहन अंडरपास में प्रवेश न कर सके और किसी प्रकार की दुर्घटना या वाहन फंसने की स्थिति उत्पन्न न हो।


मौके पर मौजूद कर्मचारियों के अनुसार, जलभराव के कारण पूरे दिन अंडरपास से आवागमन शुरू होने की संभावना नहीं है। यदि मौसम सामान्य रहा तो शाम तक पानी निकलने के बाद ही यातायात बहाल किया जा सकेगा।
अंडरपास में जलभराव के कारण मैनपुरी–आगरा–इटावा मार्ग पर आने-जाने वाले वाहनों को वैकल्पिक मार्गों का सहारा लेना पड़ रहा है। वहीं, जिला अस्पताल से सैफई पीजीआई जाने वाली एम्बुलेंसों को भी दूसरे मार्गों से भेजा जा रहा है।
प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे जलभराव वाले मार्ग पर जाने से बचें और केवल निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का ही उपयोग करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *