10 दिवसीय रंगमंच कार्यशाला का सफल समापन

इटावा । पान कुंवर इंटरनेशनल स्कूल  में आयोजित 10 दिवसीय रंगमंच (थियेटर) कार्यशाला का भव्य समापन समारोह हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। कार्यशाला के दौरान विद्यार्थियों ने अभिनय, संवाद प्रस्तुति, अभिव्यक्ति, मंच संचालन एवं टीम वर्क जैसी महत्वपूर्ण कलाओं का गहन अभ्यास किया।
समापन दिवस पर विद्यार्थियों ने मंच पर अपने सीखे हुए कौशल का प्रभावशाली प्रदर्शन प्रस्तुत किया। विशेष आकर्षण पर्यावरण संरक्षण पर आधारित नाटक रहा, जिसमें बच्चों ने संदेश दिया कि प्रकृति की रक्षा करना हम सभी का कर्तव्य है तथा प्रत्येक व्यक्ति को प्रतिवर्ष कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए।
यह कार्यशाला  रविंद्र चौहान एवं  पवन राजपूत के मार्गदर्शन में आयोजित की गई। दोनों प्रशिक्षकों ने विद्यार्थियों को अभिनय की बारीकियों के साथ-साथ आत्मविश्वास एवं रचनात्मकता का भी प्रशिक्षण दिया।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रबंधक डॉ. कैलाश चंद्र यादव ने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए कार्यशाला के सफल आयोजन पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने श्री रविंद्र चौहान एवं श्री पवन राजपूत का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने अल्प समय में विद्यार्थियों को रंगमंच की अनेक महत्वपूर्ण विधाओं से परिचित कराया। साथ ही विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि वे सीखी गई कलाओं का उपयोग अपने व्यक्तित्व विकास में करें।
विद्यालय के प्रधानाचार्य अरविंद कुमार तोमर ने अपने संबोधन में कहा कि इस प्रकार की कार्यशालाएं विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में अत्यंत सहायक होती हैं। उन्होंने बच्चों के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि रंगमंच के माध्यम से विद्यार्थी अपनी प्रतिभा को निखारते हैं और सामाजिक विषयों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करना सीखते हैं।
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र वितरित किए गए तथा कार्यशाला के सफल आयोजन में सहयोग देने वाले सभी सहयोगियों एवं आयोजकों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *