शिक्षा योजनाओं की समीक्षा बैठक में डीएम ने दिए सख्त निर्देश, नए प्रवेश बढ़ाने पर जोर

इटावा। शुभ्रांत कुमार शुक्ल की अध्यक्षता में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट के नवीन सभागार में जिला शिक्षा एवं अनुश्रवण समिति की बैठक आयोजित हुई, जिसमें शिक्षा विभाग की विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा की गई।
बैठक में डीएम ने बताया कि नव भारत साक्षरता कार्यक्रम 2025-26 के अंतर्गत व्यय प्रतिशत 27.85 है। योजना के तहत 15 वर्ष या उससे अधिक आयु के अशिक्षित वयस्कों को बुनियादी शिक्षा, संख्यात्मक ज्ञान और जीवन कौशल शिक्षा दी जाती है। उन्होंने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिए कि अशिक्षित व्यक्तियों का व्यापक सर्वे कर चिन्हांकन किया जाए और संख्या बढ़ाने के लिए प्रभावी कार्ययोजना बनाई जाए।
स्कूल चलो अभियान की समीक्षा के दौरान बताया गया कि अब तक 13,062 नए प्रवेश हुए हैं। डीएम ने उन विद्यालयों को चिन्हित करने के निर्देश दिए जहां शून्य या बेहद कम प्रवेश हुए हैं। जसवंतनगर क्षेत्र के लगभग 100 विद्यालयों में 10 से कम प्रवेश होने पर उन्होंने नाराजगी जताई और बेसिक शिक्षा अधिकारी को सुधारात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए। भरथना क्षेत्र में दो विद्यालयों में शून्य प्रवेश पाए जाने पर कारणों का विश्लेषण करने को कहा गया।
शारदा अभियान के अंतर्गत आउट ऑफ स्कूल श्रेणी के 229 बच्चों के चिन्हांकन एवं नामांकन की समीक्षा करते हुए डीएम ने आंगनबाड़ी, स्वास्थ्य, पंचायत और श्रम विभाग के समन्वय से विद्यालय से बाहर बच्चों को चिन्हित करने के निर्देश दिए। रेलवे स्टेशन और कूड़ा बीनने वाले बच्चों तक पहुंच बनाकर उन्हें स्कूलों से जोड़ने पर विशेष जोर दिया गया।
मध्याह्न भोजन योजना की समीक्षा के दौरान डीएम ने भोजन की गुणवत्ता और विद्यालयों की स्वच्छता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रत्येक माह विद्यालयों का रैंडम निरीक्षण करने को कहा।
कक्षा 1 से 8 तक के छात्र-छात्राओं के लर्निंग आउटकम की प्रगति 40 प्रतिशत पाए जाने पर डीएम ने ऐसे विद्यालयों को चिन्हित करने के निर्देश दिए जहां एक भी बच्चा निपुण नहीं है। उन्होंने संबंधित शिक्षकों की जिम्मेदारी तय करने तथा 100 प्रतिशत निपुण लक्ष्य हासिल करने वाले शिक्षकों को सम्मानित करने की बात कही।
बैठक में बताया गया कि 79 विद्यालयों में से 12 विद्यालयों से हाईटेंशन लाइन हटाई जा चुकी है, जबकि 67 विद्यालयों में कार्य शेष है। डीएम ने शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए।
आरटीई के अंतर्गत 1146 लक्ष्य के सापेक्ष 124 बच्चों का प्रवेश शेष पाए जाने पर लक्ष्य जल्द पूरा करने के निर्देश दिए गए। वहीं समर्थ पोर्टल पर 2064 बच्चों का पंजीकरण दर्ज है, जिनमें 91 नए प्रवेश हुए हैं।
डीएम ने कहा कि वर्तमान समय में प्राथमिकता नए प्रवेश बढ़ाने पर होनी चाहिए। उन्होंने जनपद के 15 पीएम श्री विद्यालयों की स्थिति का विशेष परीक्षण कर आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश दिए।
बैठक में जिला विद्यालय निरीक्षक अतुल सिंह, बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ राजेश कुमार, जिला कार्यक्रम अधिकारी लक्ष्मीकांत त्रिपाठी, जिला प्रोबेशन अधिकारी विनय कुमार सहित सभी खंड शिक्षा अधिकारी एवं संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *