इटावा, 14 अगस्त। स्वतंत्रता की 80वीं वर्षगांठ के अवसर पर 15 अगस्त को जिले में हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत स्वतंत्रता दिवस को भव्यता, राष्ट्रभक्ति और व्यापक जनसहभागिता के साथ मनाने की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित नवीन सभागार में बैठक आयोजित की गई।
बैठक में शासन से प्राप्त दिशा-निर्देशों एवं मुख्य सचिव, उत्तर प्रदेश शासन के शासनादेश के अनुपालन में स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों की समीक्षा की गई।

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्यक्रम सादगी के साथ आकर्षक एवं गरिमापूर्ण तरीके से आयोजित किए जाएं तथा अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित की जाए।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि 15 अगस्त को सुबह 8 बजे सभी सरकारी एवं गैर-सरकारी भवनों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाए। ध्वजारोहण के दौरान झंडा-अभिवादन के साथ राष्ट्रगान का भावपूर्ण सामूहिक गायन कराया जाए। राष्ट्रीय ध्वज में पुष्पों की पंखुड़ियां बांधकर उसे फहराने की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय एकता, अखंडता, पंथ-निरपेक्षता और साम्प्रदायिक सौहार्द की भावना को मजबूत करने वाले कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, शहीदों के आश्रितों, पूर्व सैनिकों तथा सशस्त्र सेना, पैरामिलिट्री, सशस्त्र पुलिस एवं पुलिस बल के पुरस्कृत वीरों को जनप्रतिनिधियों के माध्यम से सम्मानित कराया जाए। स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को संभव होने पर ससम्मान समारोह में आमंत्रित करने के निर्देश भी दिए गए।
स्कूलों में होंगे देशभक्ति से जुड़े कार्यक्रम
जिलाधिकारी ने शिक्षण संस्थानों में राष्ट्रगान के सामूहिक गायन के साथ विद्यार्थियों को स्वतंत्रता संग्राम का संक्षिप्त इतिहास और देश के लिए बलिदान देने वाले वीरों के प्रेरक प्रसंगों की जानकारी देने के निर्देश दिए। नाटक, विचार-गोष्ठी, प्रदर्शनी, वाद-विवाद और निबंध लेखन जैसी प्रतियोगिताएं आयोजित कराने पर भी जोर दिया गया।
इसके साथ ही खेल विभाग द्वारा खेल प्रतियोगिताओं, शैक्षिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों तथा जिले में व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। प्रदेश सरकार के विकास कार्यों पर आधारित विकास प्रदर्शनियां और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित कराने के निर्देश दिए गए हैं। अपराह्न में परंपरागत रूप से किसी सार्वजनिक स्थान पर जनसभा आयोजित करने को भी कहा गया।
ऐतिहासिक स्थलों और सरकारी भवनों की होगी रोशनी
डीएम ने कहा कि विकासखंड, तहसील एवं जनपद स्तर पर होने वाले कार्यक्रमों में अधिक से अधिक लोगों को शामिल होने के लिए प्रेरित किया जाए। समारोहों का आयोजन संभव हो तो उन स्थानों पर किया जाए, जहां वर्ष 1947 में स्वतंत्रता प्राप्ति के अवसर पर लोगों ने उत्साह के साथ जश्न मनाया था।
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 14 और 15 अगस्त की रात सरकारी कार्यालयों, अन्य प्रमुख भवनों तथा स्वतंत्रता संग्राम से जुड़े ऐतिहासिक स्मारकों को रोशन करने के निर्देश भी दिए गए।
जिलाधिकारी ने कहा कि प्रदेश सरकार ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास एवं सबका प्रयास’ की भावना के साथ उत्तर प्रदेश को पारदर्शी, स्वच्छ, स्वस्थ और समृद्ध बनाने के लिए संकल्पित है। उन्होंने अधिकारियों से शांति, सद्भाव और जनभागीदारी सुनिश्चित करते हुए अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा से निर्वहन करने को कहा।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी संजय कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी बिपिन कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक अभयनाथ त्रिपाठी, नगर मजिस्ट्रेट राजेन्द्र बहादुर, क्षेत्राधिकारी शहर, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. राजेश कुमार, जिला प्रोबेशन अधिकारी विनय कुमार, जिला कार्यक्रम अधिकारी लक्ष्मीकांत त्रिपाठी, जिला पंचायत राज अधिकारी रोहित कुमार सहित संबंधित जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
