स्वतंत्रता दिवस पर 4 यूपी बटालियन एनसीसी इटावा में ध्वजारोहण, कैडेट्स ने दिया गार्ड ऑफ ऑनर

इटावा, 15 अगस्त 2026। स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर 4 यूपी बटालियन एनसीसी, इटावा के तत्वावधान में बटालियन परिसर में राष्ट्रभक्ति एवं गरिमापूर्ण वातावरण में स्वतंत्रता दिवस समारोह आयोजित किया गया।कार्यक्रम में बटालियन के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल सुधांशु द्विवेदी ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया।


ध्वजारोहण के उपरांत एनसीसी कैडेट्स ने राष्ट्रध्वज को गार्ड ऑफ ऑनर प्रदान किया। इस दौरान उपस्थित सैन्य अधिकारी, सैनिक एवं एनसीसी कैडेट्स ने अनुशासन और राष्ट्रभक्ति की भावना के साथ राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी। पूरे परिसर में देशभक्ति का वातावरण दिखाई दिया।

इस अवसर पर कमांडिंग ऑफिसर कर्नल सुधांशु द्विवेदी ने उपस्थित अधिकारियों, सैनिकों एवं एनसीसी कैडेट्स को संबोधित करते हुए स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि 15 अगस्त हमारे लिए केवल एक राष्ट्रीय पर्व नहीं, बल्कि उन वीर स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, संघर्ष और बलिदान को स्मरण करने का दिन है, जिनके अथक प्रयासों से देश को स्वतंत्रता प्राप्त हुई।
एनसीसी युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और देशसेवा की भावना विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने कैडेट्स से आह्वान किया कि वे अपने शैक्षिक जीवन के साथ-साथ सामाजिक जिम्मेदारियों को भी समझें और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए आगे आएं।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2026 का स्वतंत्रता दिवस हमें विकसित, सशक्त, आत्मनिर्भर और एकजुट भारत के निर्माण के संकल्प को और मजबूत करने की प्रेरणा देता है। देश की प्रगति में युवाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है और एनसीसी कैडेट्स इस दिशा में अनुकरणीय भूमिका निभा सकते हैं।
समारोह के दौरान उपस्थित सभी अधिकारियों एवं कैडेट्स ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और गौरव को बनाए रखने तथा देशहित में सदैव समर्पित रहने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। पूरे समारोह में अनुशासन, देशभक्ति और राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना स्पष्ट रूप से दिखाई दी।
इस अवसर पर प्रशासनिक अधिकारी लेफ्टिनेंट कर्नल सूर्य प्रकाश, बटालियन के सूबेदार मेजर कपिल देव (सेना मेडल),प्रशिक्षण स्टाफ, सिविल स्टाफ एवं क्लर्क स्टाफ सहित अन्य गणमान्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *