इटावा। भगवान विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर गुरुवार को रिजर्व पुलिस लाइन इटावा में पूजा कार्यक्रम आयोजित किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक इटावा बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने भगवान विश्वकर्मा की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर विधि-विधानपूर्वक पूजा-अर्चना की। उन्होंने जनपद में सुख-शांति एवं समृद्धि की मंगलकामना की।

इस दौरान पुलिस विभाग में प्रयुक्त शस्त्रों, उपकरणों तथा परिवहन एवं यांत्रिकी शाखा से संबंधित वाहनों और उपकरणों का भी विधिवत पूजन किया गया। एसएसपी ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि विभाग में इस्तेमाल होने वाले शस्त्रों, उपकरणों और अन्य संसाधनों का नियमित निरीक्षण एवं रख-रखाव सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि सभी शस्त्र एवं उपकरण सुरक्षित और कार्यशील स्थिति में रहें तथा वाहनों और यांत्रिकी उपकरणों का नियमित परीक्षण एवं आवश्यकतानुसार अनुरक्षण कराया जाए, ताकि जरूरत के समय सभी संसाधन पूरी तरह उपयोग के लिए तैयार रहें।
कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक नगर अभयनाथ त्रिपाठी, अपर पुलिस अधीक्षक अपराध संतोष कुमार सिंह सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
