पान कुँवर इंटरनेशनल स्कूल में इनफिनिटी लर्न जीनियस ओलंपियाड का सफल आयोजन

इटावा। पान कुँवर इंटरनेशनल स्कूल में आज इनफिनिटी लर्न जीनियस ओलंपियाड का सफल आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में कक्षा 3 से 12 तक के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कक्षा-वार आयोजित इस परीक्षा में लगभग 800 से अधिक छात्र-छात्राओं की सहभागिता रही, जिससे विद्यालय का शैक्षणिक वातावरण उत्साह और प्रतिस्पर्धा से भर गया।


यह ओलंपियाड विशेष रूप से कक्षा 11 एवं 12 के विद्यार्थियों के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध हुआ। इसके माध्यम से नीट एवं जेईई जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों को अपनी तैयारी का मूल्यांकन करने का अवसर प्राप्त हुआ, जिससे उन्हें अपनी कमजोरियों को पहचानने और सुधारने में मदद मिलेगी।
विद्यालय के चेयरमैन डॉ. कैलाश चंद्र यादव ने कहा कि इस प्रकार के शैक्षणिक आयोजन विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि ओलंपियाड जैसी प्रतियोगिताएं बच्चों में प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करने के साथ-साथ विषयों की गहराई से समझ भी बढ़ाती हैं।
विद्यालय के प्रधानाचार्य अरविन्द कुमार तोमर ने बताया कि विद्यार्थियों ने अत्यंत अनुशासन और उत्साह के साथ परीक्षा में भाग लिया। ऐसे आयोजन उन्हें भविष्य की बड़ी प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए तैयार करते हैं तथा उनके आत्मविश्वास को सुदृढ़ बनाते हैं।
अंत में विद्यालय प्रबंधन ने सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *