पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने बुद्धा पार्क में 13.34 करोड़ की विकास योजनाओं का किया लोकार्पण व शिलान्यास

इटावा,। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्रेरणा से जनपद इटावा में लगभग 1334.52 लाख रुपये की लागत से नुमाइश मैदान स्थित बुद्धा पार्क में पर्यटन विभाग द्वारा लोकार्पण एवं शिलान्यास समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता पर्यटन एवं संस्कृति विभाग के मंत्री जयवीर सिंह ने की।
कार्यक्रम की शुरुआत मंत्री द्वारा बुद्धा पार्क में स्थापित भगवान गौतम बुद्ध की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर की गई। इसके उपरांत संबंधित पुस्तिका का विमोचन किया गया तथा कुल 11 विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास संपन्न हुआ।


अपने संबोधन में मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यकाल में जनपद इटावा को 24 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास योजनाओं का लाभ मिला है। उन्होंने कहा कि केंद्र में नरेन्द्र मोदी एवं प्रदेश में योगी सरकार द्वारा सनातन संस्कृति, विरासत संरक्षण एवं समग्र विकास की दिशा में निरंतर कार्य किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि भगवान बुद्ध से जुड़े सभी स्थलों का संरक्षण एवं विकास प्राथमिकता पर किया जा रहा है। साथ ही कुशीनगर में अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के निर्माण जैसे महत्वपूर्ण कार्य भी किए गए हैं, जिससे पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।
मंत्री ने कहा कि किसी भी स्थल के लोकार्पण के बाद उसके रख-रखाव एवं मेंटेनेंस की जिम्मेदारी संबंधित संस्थाओं को दी जाएगी, जिससे नियमित देखरेख एवं साफ-सफाई सुनिश्चित हो सके।
उन्होंने महाकुंभ का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रयागराज में 144 वर्षों बाद आयोजित यह ऐतिहासिक आयोजन आधुनिक तकनीकों के साथ संपन्न हुआ, जो देश की सांस्कृतिक समृद्धि का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि “विकसित भारत” के लिए “विकसित उत्तर प्रदेश” आवश्यक है और इटावा को भी विकास की मुख्यधारा में आगे बढ़ना होगा।
कार्यक्रम में सदर विधायक सरिता भदौरिया ने कहा कि विश्व के अनेक देशों में बौद्ध धर्म के अनुयायी हैं, ऐसे में भगवान बुद्ध से जुड़े स्थलों का विकास अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने सांस्कृतिक पुनरुत्थान, मंदिरों के जीर्णोद्धार और पर्यटन स्थलों के विकास पर सरकार के विशेष ध्यान की बात कही।
उन्होंने “नारी शक्ति वंदन” अभियान का उल्लेख करते हुए महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा एवं सशक्तिकरण पर जोर दिया तथा कहा कि सभी विकास कार्य जनप्रतिनिधियों की सहमति एवं सहभागिता से ही किए जाते हैं।
कार्यक्रम के अंत में भाजपा जिलाध्यक्ष अन्नू गुप्ता ने पर्यटन मंत्री का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ब्रजेश कुमार श्रीवास्तव, पूर्व सांसद रघुराज सिंह शाक्य, प्रेमदास कठेरिया, पूर्व विधायक सावित्री कठेरिया, डॉ. सिद्धार्थ शंकर, जिला पंचायत सदस्य सचिन यादव, प्रशांत राव चौबे, पूर्व जिलाध्यक्ष अजय धाकरे, विकास भदौरिया सहित जनप्रतिनिधिगण एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *