दिव्यांगजन शिविर में डॉक्टरों की लापरवाही, लाभार्थी करते रहे इंतजार

जसवंतनगर इटावा, 24 अप्रैल 2026।उत्तर प्रदेश सरकार के दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग द्वारा दिव्यांगजनों के हितार्थ विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं। इन योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के उद्देश्य से जनपद के प्रत्येक ब्लॉक स्तर पर शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इन शिविरों में कृत्रिम अंग, सहायक उपकरण वितरण एवं अन्य कल्याणकारी योजनाओं के लिए पात्रता निर्धारण एवं चिकित्सकीय परीक्षण किया जाता है।


प्रशासन द्वारा प्रत्येक ब्लॉक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी के माध्यम से दो-दो डॉक्टरों की ड्यूटी भी लगाई गई है, ताकि दिव्यांगजनों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। इसी क्रम में शुक्रवार, 24 अप्रैल 2026 को जसवंत नगर विकासखंड में एक शिविर आयोजित किया गया।
शिविर में अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉ. विष्णु मल्होत्रा एवं ईएनटी विशेषज्ञ डॉ. राहुल आनंद की ड्यूटी निर्धारित की गई थी। हालांकि, दोनों डॉक्टर निर्धारित समय पर शिविर में नहीं पहुंचे और केवल लगभग 15 से 20 मिनट के लिए ही उपस्थित होकर मौके से चले गए।

डॉक्टरों की इस लापरवाही के चलते शिविर में पहुंचे दिव्यांगजन काफी परेशान नजर आए। कई लाभार्थी तेज धूप के बावजूद दूर-दराज से ब्लॉक मुख्यालय तक पहुंचे थे, लेकिन उन्हें बिना जांच के ही वापस लौटना पड़ा।
दिव्यांगजनों ने नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि यदि उन्हें देखा ही नहीं जाना था, तो इस प्रकार के शिविर लगाकर उन्हें गुमराह क्यों किया जा रहा है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि इस मामले में संबंधित डॉक्टरों के खिलाफ कार्रवाई की जाए तथा भविष्य में इस प्रकार की लापरवाही न हो, ताकि सरकार की योजनाओं का लाभ वास्तविक पात्रों तक सही समय पर पहुंच सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *