“बिग डैडी एप” से साइबर ठगी करने वाला अभियुक्त गिरफ्तार,

इटावा, 24 अप्रैल 2026।इटावा पुलिस ने साइबर ठगी के एक बड़े मामले का खुलासा करते हुए “बिग डैडी एप” के माध्यम से लोगों को निवेश का लालच देकर धोखाधड़ी करने वाले एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई अपर पुलिस महानिदेशक कानपुर जोन एवं पुलिस उपमहानिरीक्षक कानपुर परिक्षेत्र के निर्देशन तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक इटावा के पर्यवेक्षण में साइबर क्राइम थाना पुलिस द्वारा की गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिकायत में बताया गया था कि कुछ व्यक्ति इंस्टाग्राम के माध्यम से “बिग डैडी एप” का प्रचार कर भोले-भाले लोगों को अधिक लाभ का लालच देकर निवेश कराते थे और बाद में उनके साथ धोखाधड़ी करते थे। जांच के दौरान शिवा कुशवाहा मुख्य अभियुक्त के रूप में सामने आया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव के निर्देशन में साइबर क्राइम टीम द्वारा गहन जांच एवं साक्ष्य संकलन किया गया। इसके आधार पर दिनांक 13 मार्च 2026 को थाना साइबर क्राइम में मु0अ0सं0 11/2026 के तहत धारा 318(4) बीएनएस, 66D आईटी एक्ट एवं 5/9(1) द प्रमोशन एंड रेगुलेशन ऑफ ऑनलाइन गेमिंग एक्ट 2025 के अंतर्गत मुकदमा दर्ज किया गया।
पुलिस ने 23 अप्रैल 2026 को अभियुक्त शिवा कुशवाहा पुत्र राजेंद्र कुशवाहा निवासी जालिम अड्डा, मैनपुरी फाटक के पास, थाना सिविल लाइन इटावा को पुलिस मॉडर्न स्कूल के सामने से गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि वह टेलीग्राम के जरिए “बिग डैडी एप” नामक कंपनी से एजेंट के रूप में जुड़ा था और लोगों को झूठा लालच देकर निवेश के लिए प्रेरित करता था। वह खुद के लाखों रुपये कमाने का झूठा दावा करता था, जिससे लोग उसके जाल में फंस जाते थे। अभियुक्त ने स्वीकार किया कि वह पिछले चार वर्षों से यह कार्य कर रहा था और अब तक लगभग एक करोड़ रुपये कमा चुका है।
पुलिस ने अभियुक्त के पास से घटना में प्रयुक्त एक आईफोन 14 बरामद किया है।
पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार शर्मा, कांस्टेबल सुंदरम सिंह चौहान, आदित्य देओल एवं संदीप सिंह शामिल रहे।
इटावा पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी ऑनलाइन एप या लिंक के माध्यम से निवेश करने से पहले उसकी सत्यता की जांच अवश्य करें और लालच में आकर अपनी मेहनत की कमाई न गंवाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *