तेज बारिश में भरभराकर गिरा पेड़, तीन कारें दबीं

इटावा। शनिवार सुबह करीब 11 बजे तेज बारिश के बीच डॉ. भीमराव आंबेडकर संयुक्त जिला अस्पताल परिसर में उस समय अफरातफरी मच गई, जब दूसरे गेट के पास खड़ा वर्षों पुराना भारी-भरकम पीपल का पेड़ अचानक भरभराकर गिर पड़ा। पेड़ की चपेट में वहां खड़ी तीन कारें आ गईं और भारी तने व डालियों के नीचे दब गईं। गनीमत रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।

प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार हादसे के समय 108-102 सेवा के प्रोग्राम मैनेजर राहुल कुमार यादव निवासी पनकी, कानपुर नगर की कार अस्पताल के द्वितीय महिला गेट के पास से गुजर रही थी। इसी दौरान पेड़ का एक बड़ा हिस्सा अचानक कार के ऊपर जा गिरा। पेड़ का भारी भरकम हिस्सा कार के अगले हिस्से पर गिरने से वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

कार में राहुल कुमार यादव के साथ 108-102 सेवा के रीजनल मैनेजर छमा सागर निवासी उड़ीसा तथा 108-102 सेवा के प्रभारी अमित यादव निवासी इटावा भी सवार थे। पेड़ गिरते ही तीनों में अफरा-तफरी मच गई, लेकिन सभी लोग किसी तरह सुरक्षित कार से बाहर निकल आए। हादसे में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।

वहीं पेड़ गिरने से आसपास खड़ी दो अन्य कारें भी उसकी भारी डालियों और तने की चपेट में आ गईं। घटना की तेज आवाज सुनकर अस्पताल परिसर में मौजूद लोग और कर्मचारी मौके की ओर दौड़ पड़े।

पेड़ गिरने के कारण जिला अस्पताल के गेट नंबर-दो पर कुछ समय तक आवागमन भी प्रभावित रहा। अस्पताल प्रशासन और संबंधित कर्मचारियों ने पेड़ की डालियों को हटाने तथा क्षतिग्रस्त वाहनों को बाहर निकालने की कार्रवाई शुरू की। तेज बारिश के बीच हुए इस हादसे में तीन कारों के क्षतिग्रस्त होने के बावजूद लोगों के सुरक्षित बच जाने से बड़ा हादसा टल गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *