भरथना तहसील में संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित, 52 शिकायतें आईं, 5 का मौके पर निस्तारण

इटावा, 1 अगस्त। जिलाधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ब्रजेश कुमार श्रीवास्तव की अध्यक्षता में शनिवार को तहसील भरथना में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान फरियादियों की समस्याएं सुनकर संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने कहा कि सभी विभागीय अधिकारी संबंधित कर्मचारियों के साथ मौके पर जाकर शिकायतकर्ता का पक्ष सुनें और निष्पक्ष जांच के बाद समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करें। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक प्रकरण की गंभीरता से जांच की जाए तथा दोषी पाए जाने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए। साथ ही गांवों के भ्रमण के दौरान विभागीय योजनाओं का सत्यापन कर लाभार्थियों से फीडबैक लेने के भी निर्देश दिए।

संपूर्ण समाधान दिवस में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 52 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 5 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष मामलों को संबंधित अधिकारियों को सौंपते हुए शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए गए। सर्वाधिक शिकायतें भूमि संबंधी मामलों की रहीं।

जिलाधिकारी ने कहा कि एक सप्ताह से अधिक समय से लंबित प्रकरणों में विलंब का कारण स्पष्ट रूप से अंकित किया जाए तथा सभी लंबित मामलों का निस्तारण अनिवार्य रूप से एक सप्ताह के भीतर सुनिश्चित किया जाए।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ब्रजेश कुमार श्रीवास्तव ने पुलिस विभाग से संबंधित शिकायतों की सुनवाई करते हुए सभी थाना प्रभारियों को प्रत्येक मामले में मौके पर जाकर निष्पक्ष कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन स्तर पर शिकायतकर्ताओं से निस्तारण की गुणवत्ता का फीडबैक लिया जाता है, इसलिए सभी मामलों का समाधान प्रभावी एवं संतोषजनक ढंग से किया जाए।

इस अवसर पर उप जिलाधिकारी काव्य सी., मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. ब्रजेन्द्र कुमार, आईएएस कोमल पुनिया, क्षेत्राधिकारी भरथना, तहसीलदार सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *