सीबीएसई क्लस्टर-4 खो-खो चैंपियनशिप के दूसरे दिन खिलाड़ियों में दिखा उत्साह, अतिथियों ने किया मैच का शुभारंभ

इटावा। पानकुंवर इंटरनेशनल स्कूल, इटावा द्वारा आयोजित सीबीएसई क्लस्टर-4 खो-खो चैंपियनशिप 2026 के दूसरे दिन महात्मा ज्योतिबा फुले स्पोर्ट्स स्टेडियम, इटावा में खिलाड़ियों का उत्साह और खेल भावना देखने को मिली। पानकुंवर इंटरनेशनल स्कूल को लगातार दूसरी बार इस प्रतिष्ठित सीबीएसई प्रतियोगिता की मेजबानी का अवसर मिला है। सीबीएसई के आधिकारिक स्पोर्ट्स कैलेंडर में भी विद्यालय को क्लस्टर-4 खो-खो प्रतियोगिता के आयोजन विद्यालय के रूप में सूचीबद्ध किया गया है।

द्वितीय दिवस के आयोजन में मुख्य अतिथि राजकुमार सिंह, तहसीलदार सदर, इटावा तथा विशिष्ट अतिथि सर्वेंद्र सिंह चौहान, क्रीड़ाधिकारी एवं प्रधानाचार्य, स्पोर्ट्स कॉलेज, सैफई, एवं अधिवक्ता अनिल चौधरी उपस्थित रहे।

विद्यालय के चेयरमैन डॉ. कैलाश चंद्र यादव ने दोनों अतिथियों का गर्मजोशी एवं उत्साहपूर्वक स्वागत किया। उन्होंने अतिथियों का अभिनंदन करते हुए प्रतियोगिता में प्रतिभाग कर रहे विभिन्न विद्यालयों के खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।

कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथियों द्वारा आज के मैच का टॉस कराया गया, जिसके साथ ही मुकाबलों का विधिवत शुभारंभ हुआ। मैदान पर उतरते खिलाड़ियों ने पूरे जोश, अनुशासन और खेल भावना के साथ अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन का परिचय दिया।

इस अवसर पर अतिथियों ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि खेल केवल प्रतियोगिता का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, नेतृत्व, टीम भावना और आत्मविश्वास विकसित करने का महत्वपूर्ण साधन है। उन्होंने सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों को पूरी खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।

प्रतियोगिता के दूसरे दिन स्टेडियम में खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, अधिकारियों एवं आयोजन समिति के सदस्यों की सक्रिय भागीदारी से वातावरण पूरी तरह खेलमय बना रहा। पानकुंवर इंटरनेशनल स्कूल, इटावा की आयोजन समिति प्रतियोगिता को सफल, सुव्यवस्थित एवं यादगार बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *