इटावा। 8 से 11 अगस्त तक सुल्तानपुर में आयोजित CBSE ईस्ट जोन शूटिंग चैंपियनशिप में SCA शूटिंग अकादमी, कुनेरा की युवा निशानेबाज एवं सेंट मैरीज इंटर कॉलेज की कक्षा 5-F की छात्रा श्राव्या तिवारी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अंडर-14 10 मीटर एयर राइफल पीप साइट टीम स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतकर इटावा का गौरव बढ़ाया।
श्राव्या तिवारी सेंट मैरीज इंटर कॉलेज का प्रतिनिधित्व करते हुए प्रतियोगिता में उतरी थीं। श्राव्या, गौरी श्रीवास्तव और वघीसा की अंडर-14 टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया। टीम के इस प्रदर्शन के आधार पर CBSE नेशनल शूटिंग चैंपियनशिप के लिए जगह बनाई है।
महज 10 वर्ष की उम्र में अंडर-14 वर्ग की अपनी पहली प्रतियोगिता में श्राव्या ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए ओवरऑल अंडर-14 कैटेगरी में 13वीं रैंक हासिल की। यह उपलब्धि उनकी प्रतिभा, नियमित अभ्यास और आत्मविश्वास को दर्शाती है।
श्राव्या के कोच एवं पिता चंद्रमोहन तिवारी, इंटरनेशनल गोल्ड मेडलिस्ट एवं शूटिंग कोच, ने कहा कि पहली ही बड़ी प्रतियोगिता में श्राव्या ने जिस आत्मविश्वास और निरंतरता के साथ प्रदर्शन किया, वह उनके उज्ज्वल भविष्य का संकेत है। अब श्राव्या CBSE नेशनल शूटिंग चैंपियनशिप की तैयारियों में जुट गई हैं।
श्राव्या की इस उपलब्धि पर सेंट मैरीज इंटर कॉलेज, SCA शूटिंग अकादमी एवं खेल जगत में खुशी का माहौल है। कम उम्र में राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए क्वालीफाई करना इटावा के लिए गौरव की बात है।
