इटावा। जसवंतनगर थाना क्षेत्र के पीपरीपुरा गांव में शनिवार रात पुरानी रंजिश के चलते 33 वर्षीय राहुल यादव की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। परिजन गंभीर हालत में राहुल को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार राहुल अपने मित्र की जन्मदिन पार्टी से वापस लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में कहासुनी के बाद उसे गोली मार दी गई। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। राहुल परिवार का इकलौता बेटा बताया जा रहा है। उसकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और जिला अस्पताल में परिजनों व रिश्तेदारों की भीड़ जमा हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही जसवंतनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी सिटी अभयनाथ त्रिपाठी और सीओ जसवंतनगर आयुषी सिंह भी जिला अस्पताल पहुंचे तथा परिजनों से घटना की जानकारी ली।
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि घटना के पीछे पूर्व की रंजिश बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि पहले बिजली की कटिया को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद से दोनों पक्षों में रंजिश चल रही थी। हालांकि घटना के वास्तविक कारण और आरोपियों की भूमिका की पुलिस जांच कर रही है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमों का गठन किया गया है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा।
पुरानी रंजिश में युवक की गोली मारकर हत्या
