2027 के चुनावों को लेकर प्रदेश स्तर पर किया जा रहे बड़े फेर-बदल

इटावा। संगठन सृजन अभियान के अंतर्गत ए.आई.सी.सी. ऑब्जर्वर राष्ट्रीय सचिव रामकृष्ण ओझा के साथ-साथ पी.सी.सी. ऑब्जर्वर प्रकाश प्रधान, मदनमोहन शुक्ला , पंजाब कांग्रेस कमेटी के महामंत्री वरिंदर सिंह दिल्ली से स्वर्ण शताब्दी एक्सप्रेस द्वारा इटावा पहुंचे। जहां इटावा रेलवे स्टेशन पर कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं ने उनका ज़ोरदार स्वागत किया। उसके बाद कांग्रेस कार्यालय पर एक प्रेस वार्ता आयोजित की गई जिसमें पी.सी.सी. ऑब्जर्वर रामकृष्ण ओझा ने संगठन सृर्जन अभियान के अंतर्गत समस्त उत्तर प्रदेश में होने वाले ज़िला अध्यक्षों के चुनाव के विषय में विस्तृत जानकारी दी।रामकृष्ण ओझा ने पत्रकारों को संबोधित करते हुए बताया कि 2027 के विधानसभा चुनावों के मद्देनज़र संपूर्ण उत्तर प्रदेश में जनपद स्तर पर नये अध्यक्षों की नियुक्ति की जानी है। उन्होंने आगे बताया कि उनकी पूरी टीम का इटावा में तीन- चार दिनों का प्रवास रहेगा। इसके बाद शीघ्र ही हम लोगों का पुनः पांच दिवसीय प्रवास रहेगा। इस दौरान वह जनपद के समस्त शहर,विकास खण्डों और बूथ स्तर तक के एक-एक पदाधिकारीयों एवं कार्यकर्ताओं से मिलने का प्रयास करेंगे। पत्रकारों द्वारा पूछे गए सवालों का जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि आज पूरा देश जिस तरह से सांप्रदायिकता और नफ़रत की आग में जल रहा है। लोगों ने जिस तरह से लोकतंत्र में संवैधानिक व्यवस्थाओं के प्रति अपना विश्वास खोया है वह इस भाजपा सरकार की बहुत बड़ी नाकामी है। रामकृष्ण ओझा ने कहा कि आज देश के छात्रों,नौजवानों, बेरोजगारों, महिलाओं और शोषित- वंचित ग़रीबों को सिर्फ़ कांग्रेस में ही अपना भविष्य दिखाई दे रहा है और जननायक राहुल गांधी उनके लिए एक बहुत बड़ी उम्मीद की किरण बनकर उभरे हैं। आने वाला समय निश्चित तौर पर कांग्रेस पार्टी के लिए बहुत बड़ी उपलब्धि लेकर आएगा।
प्रेस वार्ता के बाद ज़िला अध्यक्ष आशुतोष दीक्षित एवं शहर अध्यक्ष मोहम्मद राशिद के संयुक्त नेतृत्व में सभी संगठन सृजन प्रेक्षकों ने जनपद के समस्त पदाधिकारीयों की एक आवश्यक बैठक ली। जिसमें संगठन सृजन पर विस्तृत चर्चा की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *