जसवंतनगर,संवाददाता। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर 27 अगस्त को होने वाले ‘खेलो इंडिया डायलॉग—खेल की बात, प्रधानमंत्री मोदी के साथ’ कार्यक्रम के लिए इटावा के दो महाविद्यालयों का चयन किया गया है। चौ. सुघर सिंह एजुकेशनल एकेडमी (ऑटोनोमस कॉलेज), जसवंतनगर को ए ग्रेड और जनता कॉलेज, बकेवर को बी ग्रेड में रखा गया है। ए ग्रेड में चयनित एकेडमी के विद्यार्थियों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से सीधे संवाद का अवसर मिलेगा।
ए ग्रेड के विद्यार्थियों को प्रधानमंत्री के समक्ष अपने प्रश्न और विचार रखने का मौका मिलेगा। वहीं बी ग्रेड में चयनित जनता कॉलेज बकेवर के विद्यार्थी प्रधानमंत्री का संबोधन सुनेंगे। कार्यक्रम को लेकर दोनों संस्थानों में तैयारियां तेज कर दी गई हैं।
माय भारत की उपनिदेशक सोनिका चंद्रा ने बताया कि चयनित दोनों महाविद्यालयों में कार्यक्रम को लेकर आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि यह पहल युवाओं को खेलों से जोड़ने के साथ उनमें नेतृत्व, अनुशासन और राष्ट्र निर्माण की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
संस्था के एमडी अनुज मोंटी यादव ने कहा कि चौ. सुघर सिंह एजुकेशनल एकेडमी का ए ग्रेड में चयन संस्थान के लिए गौरव की बात है। प्रधानमंत्री से सीधे संवाद का अवसर विद्यार्थियों के आत्मविश्वास और व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण साबित होगा।
निदेशक डॉ. संदीप पांडेय ने कहा कि विद्यार्थियों के लिए यह अवसर यादगार और प्रेरणादायक रहेगा। उन्होंने विद्यार्थियों से कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारी करने और प्रधानमंत्री के विचारों से प्रेरणा लेकर आगे बढ़ने का आह्वान किया।
तैयारियों को लेकर हुई बैठक में जनता कॉलेज बकेवर के डॉ. मनोज यादव, प्रबंध समिति से अशांक हनी यादव, मनीष चौधरी, धर्मेंद्र कुमार नितिन आनंद,माई भारत के वॉलेंटियर ऋषभ पाठक आदि मौजूद रहे। सभी ने कार्यक्रम की व्यवस्थाओं की समीक्षा कर विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
फोटो:कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर बैठक में मौजूद अधिकारी एवं संस्था के पदाधिकारी।
खेलो इंडिया डायलॉग में चौ. सुघर सिंह एकेडमी को ए ग्रेड प्रधानमंत्री मोदी से सीधे संवाद करेंगे विद्यार्थी, जनता कॉलेज बकेवर को मिला बी ग्रेड
