इटावा। पानकुँवर इंटरनेशनल स्कूल, इटावा में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर दही-हांडी एवं मटकी फोड़ प्रतियोगिता का भव्य एवं उत्साहपूर्ण आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के विभिन्न कक्षाओं के विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया और अपनी प्रतिभा एवं उत्साह का शानदार प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम की विशेष आकर्षण छोटे बच्चों द्वारा की गई रचनात्मक गतिविधियाँ रहीं। नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों ने आकर्षक ढंग से बांसुरी एवं मटकी की सजावट की। वहीं कई विद्यार्थियों ने राधा-कृष्ण के मनमोहक परिधान धारण कर श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पर्व को पारंपरिक एवं सांस्कृतिक रंग प्रदान किया। बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया।

दही-हांडी एवं मटकी फोड़ प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने मानव पिरामिड बनाकर अपनी टीम भावना, साहस, समन्वय एवं नेतृत्व क्षमता का परिचय दिया। मटकी फूटते ही पूरा विद्यालय परिसर तालियों एवं जयकारों से गूंज उठा।

इस अवसर पर विद्यालय के चेयरमैन डॉ. कैलाश चंद्र यादव ने विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को जन्माष्टमी की शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति एवं परंपराओं से जोड़ने के साथ-साथ उनमें सहयोग, अनुशासन, रचनात्मकता और नेतृत्व की भावना विकसित करते हैं।कार्यक्रम का समापन हर्षोल्लास एवं मंगलकामनाओं के साथ हुआ।
