इटावा। ब्रह्म मध्य गौड़ीय संप्रदाय श्री श्री गौर निताई परिवार के तत्वावधान में पक्का तालाब परिसर में आयोजित भव्य नंदोत्सव एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम भक्तिभाव और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। सनातन धर्म प्रचारक पं. मनु पुत्र दास के संयोजन में आयोजित कार्यक्रम में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने सहभागिता की।
कार्यक्रम का शुभारंभ शाम सात बजे भव्य संध्या आरती के साथ हुआ। इसके पश्चात दिव्य हरिनाम संकीर्तन और सत्संग का आयोजन किया गया। सत्संग में वक्ताओं ने श्रद्धालुओं को संदेश देते हुए कहा कि मानव जीवन का वास्तविक उद्देश्य भगवान की निष्काम सेवा करना है।

नंदोत्सव के दौरान दही हांडी, डांस प्रतियोगिता एवं शूटिंग प्रतियोगिता सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इनमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों एवं युवाओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। वहीं कार्यक्रम में शामिल बच्चों और श्रद्धालुओं को खिलौने, पेन, चॉकलेट सहित विभिन्न उपहार वितरित किए गए।

भक्तिमय संकीर्तन और प्रतियोगिताओं के समापन के बाद रात नौ बजे विशाल महाप्रसाद का आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
आयोजकों ने बताया कि त्रिदंडी स्वामी ॐ विष्णु पाद श्री श्रीमद् भक्ति गौरव केशव गोस्वामी जी महाराज एवं तुलसी पीठाधीश्वर जगद्गुरु श्री रामभद्राचार्य जी महाराज के पावन आशीर्वाद से आयोजित यह धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम श्रद्धा, उल्लास और भक्तिभाव के वातावरण में संपन्न हुआ।
