नाबालिग से छेड़छाड़ के आरोपी की पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तारी, पैर में लगी गोली

इटावा। थाना बकेवर क्षेत्र में नाबालिग बालिका से छेड़छाड़ और विरोध करने पर मारपीट व जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने आरोपी को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार जवाबी कार्रवाई में आरोपी के बाएं पैर में गोली लगी। उसके कब्जे से अवैध तमंचा, तीन जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया गया है।

पुलिस के मुताबिक 4 सितंबर को बकेवर थाना क्षेत्र के एक व्यक्ति ने तहरीर देकर बताया था कि उसकी करीब 16 वर्षीय बहन के साथ उरैंग निवासी नईम अली पुत्र इस्लाम अली ने छेड़छाड़ की। विरोध करने पर आरोपी ने जातिसूचक गाली-गलौज करते हुए मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। घटना से क्षुब्ध होकर किशोरी द्वारा टॉयलेट क्लीनर पी लेने की बात भी तहरीर में कही गई थी। मामले में पुलिस ने संबंधित धाराओं के साथ पॉक्सो एवं एससी/एसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया था।
आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें गठित की गई थीं। रविवार को पुलिस टीम क्षेत्र में भ्रमण कर रही थी, तभी सूचना मिली कि मुकदमे से संबंधित आरोपी ग्राम व्यासपुर शाला के पास मौजूद है। पुलिस ने घेराबंदी की तो आरोपी ने पुलिस टीम पर तमंचे से फायरिंग कर दी। पुलिस के अनुसार आत्मरक्षार्थ की गई जवाबी फायरिंग में नईम अली के बाएं पैर में गोली लगी और उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया। उपचार के लिए उसे अस्पताल भेजा गया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पुलिस मुठभेड़ और अवैध हथियार बरामदगी के संबंध में अलग से मुकदमा दर्ज किया है। गिरफ्तार आरोपी की उम्र करीब 24 वर्ष बताई गई है।
कार्रवाई थानाध्यक्ष बकेवर विपिन मलिक मय पुलिस टीम द्वारा की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *