इटावा। शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान और कुशल नेतृत्व के लिए दिल्ली पब्लिक स्कूल इटावा की प्रिंसिपल भावना सिंह को भारत एजुकेशन एक्सीलेंस अवार्ड-2026 से सम्मानित किया गया। ग्रेटर नोएडा स्थित आईआईएलएम विश्वविद्यालय में आयोजित भव्य सम्मान समारोह में उन्हें राष्ट्रीय स्तर का यह प्रतिष्ठित सम्मान प्रदान किया गया।
राष्ट्रीय स्तर पर प्रदान किए गए इस सम्मान के लिए देशभर के करीब एक हजार स्कूलों में से चयन प्रक्रिया के बाद मात्र 100 स्कूलों का चयन किया गया, जिसमें दिल्ली पब्लिक स्कूल इटावा भी शामिल रहा। विद्यालय को शिक्षा एवं खेल के क्षेत्र में निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन तथा विद्यार्थियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए यह उपलब्धि हासिल हुई।
सम्मान समारोह में मुख्य अतिथि डॉ. प्रियदर्शी नायक, सीईओ सीईडी इंडिया एवं चेयरमैन, सीबीएसई सहोदय स्कूल कॉम्प्लेक्स, ईस्टर्न ओडिशा चैप्टर तथा डॉ. ए.के. शर्मा, पूर्व असिस्टेंट कमिश्नर (सेवानिवृत्त), केंद्रीय विद्यालय संगठन ने भावना सिंह को प्रतीक चिन्ह एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
सम्मान प्राप्त करने के बाद प्रिंसिपल भावना सिंह ने कहा कि यह सम्मान केवल उनका व्यक्तिगत सम्मान नहीं है, बल्कि दिल्ली पब्लिक स्कूल इटावा परिवार के प्रत्येक सदस्य का सम्मान है। उन्होंने कहा कि विद्यालय को ऊंचाइयों तक पहुंचाने में शिक्षकों, विद्यार्थियों, अभिभावकों और समस्त स्टाफ का वर्षों से निरंतर सहयोग एवं मेहनत रही है।
यह प्रतिष्ठित सम्मान भावना सिंह के कुशल दिशा-निर्देशन में दिल्ली पब्लिक स्कूल इटावा द्वारा शिक्षा और खेल के क्षेत्र में जनपद से लेकर राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर तक लगातार नई उपलब्धियां हासिल करने के लिए प्रदान किया गया।
भावना सिंह को इस राष्ट्रीय सम्मान से नवाजे जाने पर दिल्ली पब्लिक स्कूल के चेयरमैन डॉ. विवेक यादव, वाइस चेयरमैन डॉ. प्रीति यादव, विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं, कर्मचारियों, विद्यार्थियों एवं शुभचिंतकों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
