यूपीआई पर 0.4% शुल्क के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन

इटावा। उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय के निर्देश पर जिला कांग्रेस कमेटी ने यूपीआई भुगतान पर प्रस्तावित अतिरिक्त शुल्क के विरोध में प्रदर्शन किया। जिला अध्यक्ष आशुतोष दीक्षित के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर सदर विधायक सरिता भदौरिया को यूपीआई शुल्क के विरोध के प्रतीक स्वरूप पूजा सामग्री भेंट करने का प्रयास किया। कांग्रेस नेताओं के अनुसार, विधायक ने पूजा सामग्री लेने से इनकार कर दिया।

इस दौरान जिला अध्यक्ष आशुतोष दीक्षित ने कहा कि यूपीआई भुगतान पर अतिरिक्त शुल्क लागू किए जाने से केवल व्यापारियों पर ही नहीं, बल्कि आम लोगों पर भी इसका प्रभाव पड़ सकता है। उन्होंने दावा किया कि सरकार ₹2,000 से अधिक के चुनिंदा मर्चेंट यूपीआई लेनदेन पर 0.4 प्रतिशत मर्चेंट डिस्काउंट रेट (एमडीआर) शुल्क लगाने की तैयारी कर रही है और यह व्यवस्था 15 अक्टूबर 2026 से लागू किए जाने की बात कही जा रही है।

प्रदेश प्रवक्ता प्रेरणा जुबैरी ने कहा कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी ने प्रस्तावित शुल्क को ‘यूपीआई टैक्स’ बताते हुए इसे वापस लेने की मांग की है। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि शुल्क केवल व्यापारियों के लेनदेन पर लागू होगा तो यह कैसे निर्धारित किया जाएगा कि कौन व्यापारी है और कौन आम नागरिक। उन्होंने कहा कि इसके लिए स्पष्ट मानक सार्वजनिक किए जाने चाहिए।

प्रेरणा जुबैरी ने कहा कि कांग्रेस व्यापारियों और आम नागरिकों से जुड़े इस मुद्दे को लेकर विरोध दर्ज करा रही है। उन्होंने सरकार से प्रस्तावित शुल्क व्यवस्था पर पुनर्विचार करने की मांग की।

प्रदर्शन में पीसीसी सदस्य प्रशांत तिवारी, पीसीसी सदस्य अरुण यादव, जिला उपाध्यक्ष सतीश नागर, जिला प्रवक्ता वाचस्पति द्विवेदी, शहर महासचिव अवनीश वर्मा, सेवादल जिला अध्यक्ष कुलदीप शर्मा, एनएसयूआई जिलाध्यक्ष आसिफ जादरान, वरिष्ठ कांग्रेसी नेता प्रेम किशोर द्विवेदी, जिला सचिव धर्मेंद्र पूनिया, हेमंत तिवारी, रणवीर सिंह यादव, मोहनलाल प्रजापति, इंतखाब आलम सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *