इटावा। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के माय भारत इटावा द्वारा थियोसोफिकल इंटर कॉलेज के सभागार में पं. दीनदयाल उपाध्याय की जयंती के अवसर पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सदर विधायक श्रीमती सरिता भदौरिया मौजूद रहीं।
मुख्य अतिथि ने पं. दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। उन्होंने उनके जीवन, विचारों और राष्ट्र निर्माण में योगदान पर प्रकाश डालते हुए युवाओं से उनके आदर्शों को आत्मसात करने तथा समाज एवं राष्ट्र के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत आयोजित रंगोली प्रतियोगिता में युवाओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया और अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को थियोसोफिकल इंटर कॉलेज के प्राचार्य एवं जिला युवा अधिकारी, माय भारत इटावा द्वारा पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
वहीं नशा मुक्त भारत अभियान के तहत डेज़लर डांस अकैडमी के युवा कलाकारों ने नशामुक्ति एवं स्वस्थ समाज का संदेश देते हुए आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुति दी। प्रस्तुति के माध्यम से युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से दूर रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने युवाओं से सामाजिक सरोकारों से जुड़कर सकारात्मक बदलाव लाने और राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
इस दौरान थियोसोफिकल इंटर कॉलेज के प्राचार्य अनूप मिश्रा, शिक्षकगण, माय भारत इटावा की जिला युवा अधिकारी सोनिका चंद्रा, लेखाकार श्रवण बाथम, स्वयंसेवक नीरज, ऋषभ एवं आशा, डेज़लर डांस अकैडमी के कलाकार तथा बड़ी संख्या में युवा मौजूद रहे।
