विश्व पर्यटन दिवस पर डिजिटल तकनीक और AI से पर्यटन को नया रूप देने पर मंथन

इटावा, 27 सितंबर। विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर जिला पर्यटन एवं संस्कृति परिषद, इटावा के तत्वावधान में नारायणा कॉलेज के प्रेक्षागृह में पर्यटन गोष्ठी एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस वर्ष की थीम ‘पर्यटन को नया रूप देने के लिए डिजिटल एजेंडा और कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) को जोड़ना’ रही। कार्यक्रम में पर्यटन के क्षेत्र में आधुनिक तकनीक और डिजिटल माध्यमों के उपयोग पर विचार-विमर्श किया गया।


कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि श्वेता तिवारी, डायरेक्टर नारायणा कॉलेज ने किया। उन्होंने कहा कि डिजिटल युग में पर्यटन को नई दिशा देने के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसी आधुनिक तकनीकों का प्रभावी उपयोग आवश्यक है। AI के माध्यम से देश और प्रदेश के पर्यटन स्थलों की जानकारी व्यापक स्तर पर लोगों तक पहुंचाई जा सकती है।
उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक के माध्यम से पर्यटकों को किसी पर्यटन स्थल के इतिहास, संस्कृति, धार्मिक महत्व, आवागमन के मार्ग, प्रमुख आकर्षणों और स्थानीय सुविधाओं की जानकारी उनकी आवश्यकता के अनुरूप उपलब्ध कराई जा सकती है। इससे पर्यटन स्थलों के प्रचार-प्रसार को भी नई गति मिल सकती है।
कार्यक्रम के दौरान स्थानीय कलाकारों, नवोदित कलाकारों तथा महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने गीत, संगीत सहित विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। कलाकारों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं और भारतीय संस्कृति के साथ स्थानीय कला एवं प्रतिभा की विविधता को मंच प्रदान किया।
कार्यक्रम का संचालन नारायणा कॉलेज के प्रधानाचार्य धर्मेंद्र शर्मा ने किया। अंत में पर्यटन अधिकारी मोहित मनोहर सिंह ने सभी अतिथियों, कलाकारों, विद्यार्थियों, महाविद्यालय परिवार एवं आयोजन में सहयोग करने वाले सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *